पीयूष गोयल पहुंचे कनाडा, बड़ी कंपनियों के CEO से हुई ये चर्चा
भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल इस हफ्ते टोरंटो पहुंचे हैं। वे यहां कनाडा की बड़ी कंपनियों के CEO से मुलाकात कर रहे हैं, जिसका मकसद दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को तेजी देना है। इस दौरान खास तौर पर वित्त, इंफ्रास्ट्रक्चर, ग्रीन फार्मिंग और क्रिटिकल मिनरल्स प्रोसेसिंग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर बातचीत हो रही है। ये ऐसे क्षेत्र हैं जो सिर्फ रोजगार के अवसर ही नहीं पैदा करेंगे, बल्कि भविष्य की तकनीक के लिए भी बेहद अहम हैं।
गोयल ने इन दिग्गजों से की चर्चा
अपनी मुलाकातों में गोयल ने कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने मैक्केन फूड्स के CEO से फूड प्रोसेसिंग और कोल्ड स्टोरेज को और बेहतर और सस्टेनेबल बनाने पर बात की। वहीं, फेयरफैक्स फाइनेंशियल के चेयरमैन के साथ उन्होंने भारत के क्लीन एनर्जी और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में निवेश की संभावनाओं पर गौर किया। इसके साथ ही, उन्होंने सन लाइफ और टीडी बैंक के प्रमुखों से इंश्योरेंस और फिनटेक पार्टनरशिप को बढ़ाने के बारे में बातचीत की। नियो परफॉरमेंस मैटेरियल्स के साथ हुई चर्चा का मुख्य मुद्दा रेयर अर्थ्स रहा।