LOADING...
पीयूष गोयल ने अमेरिकी व्यापार सौदे पर कहा- मोदी सरकार ने राष्ट्रहित से समझौता नहीं किया
पीयूष गोयल ने अमेरिकी व्यापार सौदे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की

पीयूष गोयल ने अमेरिकी व्यापार सौदे पर कहा- मोदी सरकार ने राष्ट्रहित से समझौता नहीं किया

लेखन गजेंद्र
Feb 03, 2026
05:58 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को अमेरिका के साथ हुई भारत के व्यापार सौदे पर मीडिया से बात की और विपक्षी नेताओं को निशाने पर लिया। वाणिज्य भवन में बोलते हुए गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने व्यापार सौदे के लिए राष्ट्रहित से कोई समझौता नहीं किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने देश के हित को सबसे आगे रखा है और यह भारत के भविष्य को मजबूत बनाएगा।

समझौता

सौदे से 140 करोड़ लोगों के लिए ढेरों अवसर खुलेंगे- गोयल

गोयल ने कहा, "ये सौदा भारत के 140 करोड़ नागरिकों, जिसमें गरीब, किसान, मछुआरा, युवा, महिलाओं को ढेर सारे अवसर लाने वाला है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। हम इसके बारे में संसद में बोलने वाले थे, लेकिन विपक्ष, खासकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शर्मनाक व्यवहार किया। मैं इसकी निंदा करता हूं। वे स्पीकर की कुर्सी तक पहुंच गए और उनका अपमान किया। इसलिए हम जानकारी देने यहां आए हैं।"

समझौता

मोदी और ट्रंप की मित्रता का मिला लाभ- गोयल

गोयल ने आगे कहा, "हम सभी जानते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपने मैत्रीपूर्ण और घनिष्ठ संबंधों का लाभ उठाते हुए अमेरिका के साथ एक ऐसा व्यापार समझौता किया है जो भारत को अपने सभी पड़ोसियों, आसपास के देशों और प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में सबसे अच्छा समझौता है। यह हम सभी के लिए एक शानदार सौदा है। यह देशवासियों के उज्जवल भविष्य के लिए शुभ संकेत लाया है।"

Advertisement

चुनौती

महीनों से चल रही थी बातचीत

गोयल ने बताया कि भारतीय टीम अमेरिका के अधिकारियों और मंत्रियों के साथ महीनों से बातचीत कर रही थी, जिसमें कई जटिल मुद्दे और समस्याएं थीं। उन्होंने बताया कि भारत पर 50 प्रतिशत पारस्परिक टैरिफ लगा था, जिससे उद्योग जगत और किसानों को दिक्कत हो रही थी और टैरिफ कम करने की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह सौदा भारत के हितों को देखते हुए किया गया है, जो प्रधानमंत्री मोदी ने मित्रता के आधार पर किया है।

Advertisement

हित

कृषि और डेयरी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों की रक्षा की- गोयल

गोयल ने कहा कि समझौते में कृषि और डेयरी जैसे प्रमुख संवेदनशील क्षेत्रों की रक्षा की गई है, और हितों से समझौता नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री ने कृषि और दुग्ध उत्पादन दोनों की रक्षा की है। जिस प्रकार प्रधानमंत्री ने भारत को क्षेत्रीय व्यापक आर्थिक साझेदारी (RCEP) से बचाया, जिसमें कांग्रेस देश को धकेलने के लिए तैयार थी, उसी प्रकार उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि अमेरिकी व्यापार समझौते में कृषि और दुग्ध उत्पादन को संरक्षण मिले।"

बयान

राहुल गांधी देश को गुमराह कर रहे हैं- गोयल

गोयल ने कहा कि इस सौदे से सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्योग (MSME), इंजीनियरिंग क्षेत्र, कपड़ा क्षेत्र, आभूषण क्षेत्र, समुद्री उत्पाद क्षेत्र और चमड़ा उद्योग समेत अन्य उद्योगों को इस सौदे से ढेरों अवसर मिलेंगे। उन्होंने राहुल गांधी को निशाने पर लिया और कहा, "मैं राहुल गांधी की निंदा करना चाहता हूं कि वह देश को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। वह झूठ-फरेब से लोगों को भटका रहे हैं। उनको देश की तरक्की से कोई लेना-देना नहीं है।"

निशाना

राहुल गांधी नकारात्मक सोच के प्रतीक- गोयल

गोयल ने आगे कहा, "राहुल गांधी नकारात्मक सोच के प्रतीक हैं और उनके साथ जुड़कर द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK), तृणमूल कांग्रेस (TMC) और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने जिस तरह से नकारात्मक सोच फैला रहे हैं, उसकी निंदा की जानी चाहिए। क्या राहुल गांधी को देश से विकास से मिर्ची लगती है।" गोयल ने कहा कि राहुल गांधी सेना पर कम विश्वास करते हैं और सवाल उठाते हैं, भारत के उद्योग जगत के भविष्य को खराब करना चाहते हैं।

पोस्ट

ट्रंप के पहले पोस्ट करने पर भी दिया जवाब

गोयल ने कहा कि सवाल उठाया जा रहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले इस सौदे की जानकारी क्यों दी, इस पर भी सवाल उठाया जा रहा है। गोयल ने कहा कि अमेरिका ने भारत पर टैरिफ लगाया था, उनको टैरिफ कम करना था तो स्वाभाविक है कि उसकी जानकारी तो उधर से ही आएगी। केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की मित्रता का सम्मान किया।

ट्विटर पोस्ट

पीयूष गोयल की प्रेस कॉन्फ्रेंस

Advertisement