LOADING...
#NewsBytesExplainer: फिलीपींस के राष्ट्रपति का भारत दौरान कितना अहम है और किन मुद्दों पर होगी बातचीत?
फिलीपींस के राष्ट्रपति भारत दौरे पर हैं

#NewsBytesExplainer: फिलीपींस के राष्ट्रपति का भारत दौरान कितना अहम है और किन मुद्दों पर होगी बातचीत?

लेखन आबिद खान
Aug 05, 2025
12:54 pm

क्या है खबर?

फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर 4 से 8 अगस्त तक भारत दौरे पर हैं। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर भारत आए हैं, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर है। इसी साल भारत और फिलीपींस के बीच राजनयिक संबंध स्थापित हुए 75 साल भी हो गए हैं। वे प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें कई मुद्दों पर अहम चर्चा होने की उम्मीद है। आइए जानते हैं दौरा कितना अहम है।

दौरा

कैसा रहेगा राष्ट्रपति का दौरा?

फिलीपींस के राष्ट्रपति के साथ प्रथम महिला मैडम लुईस अरनेटा मार्कोस, वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री, अधिकारी और व्यापारिक प्रतिनिधमंडल भी भारत आया है। पहले दिन उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की। आज वे प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात करेंगे। वे दिल्ली में फिलिपिनो प्रवासी समुदाय के सदस्यों से भी मिलेंगे। फिलीपींस लौटने से पहले वे बेंगलुरू जाएंगे, जहां वे व्यापारिक क्षेत्रों के प्रतिनिधियों से मिलेंगे।

मुद्दे

किन मुद्दों पर होगी चर्चा?

रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान रक्षा और समुद्री सुरक्षा से लेकर व्यापार, निवेश और सांस्कृतिक आदान-प्रदान तक व्यापक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक में रियायती ऋण सहायता, नौसैनिक संपत्तियों के अधिग्रहण, समुद्री सुरक्षा पर प्रशिक्षण और संयुक्त अभ्यास के विस्तार के लिए भारत की पेशकश पर भी चर्चा हो सकती है। फिलीपींस ने कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी, कानून और संस्कृति जैसे विभिन्न क्षेत्रों में 6 समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

रक्षा

रक्षा को लेकर अहम समझौते होने की उम्मीद

फिलीपींस-भारत के बीच रक्षा बेहद अहम मुद्दा है। जनवरी 2022 में फिलीपींस ने ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल प्रणाली की खरीद के लिए भारत के साथ 374.9 मिलियन डॉलर का समझौता किया था। इसकी आपूर्ति भी शुरू की जा चुकी है। फिलीपींस के सशस्त्र बलों के प्रमुख रोमियो ब्राउनर ने हाल ही में कड़ा था कि भारतीय रक्षा उपकरणों की गुणवत्ता और ताकत को देखते हुए फिलीपींस भारत से और अधिक हथियार खरीदने पर विचार कर रहा है।

चीन

विवादित दक्षिण चीन सागर में भारत-फिलीपींस की नौसेनाओं ने किया अभ्यास

फिलीपींस और भारत दोनों चीन के साथ विवादों का सामना कर रहे हैं। राष्ट्रपति मार्कोस की यात्रा से ठीक पहले भारत और फिलीपींस ने विवादित दक्षिण चीन सागर में पहली बार संयुक्त नौसैनिक अभ्यास किया है। 2 दिन चले इस सैन्य अभ्यास से चीन नाराज हो गया है। चीन ने फिलीपींस पर संयुक्त अभ्यास आयोजित करने के लिए बाहरी देशों को शामिल करने का आरोप लगाया। हालांकि, चीन ने भारत का नाम नहीं लिया।

अहमियत

क्यों अहम है राष्ट्रपति मार्कोस का दौरा?

हिंद-प्रशांत को लेकर भारत और फिलीपींस की समान चिंताएं हैं। विदेश मंत्रालय ने इस यात्रा को दक्षिण-पूर्व एशिया में भारत की व्यापक पहुंच का हिस्सा बताते हुए कहा, "फिलीपींस के साथ भारत के संबंध हमारी 'एक्ट ईस्ट' नीति, विजन 'महासागर' और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के हमारे दृष्टिकोण का एक अभिन्न स्तंभ हैं।" वहीं, दक्षिण चीन सागर में लगातार चुनौतियों का सामना कर रहा फिलीपींस भी समान विचारधारा वाले देशों के साथ साझेदारी बढ़ा रहा है। को महत्वपूर्ण मानता है।

संबंध

दोनों देशों में कैसे हैं संबंध?

भारत-फिलीपींस के बीच 2023-24 में 3.53 बिलियन डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार हुआ, जो सालाना आधार पर 8.6 प्रतिशत की वृद्धि है। भारत फिलीपींस को इंजीनियरिंग सामान, औषधि, इस्पात, पेट्रोलियम उत्पाद, रसायन और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे सामान निर्यात करता है। वहीं, विद्युत मशीनरी, तांबा, सीसा कीमती पत्थर, प्लास्टिक और पशु चारा आयात करता है। भारतीय कंपनियों ने फिलीपींस में करीब 5 अरब डॉलर का निवेश किया है। फिलीपींस ने हाल ही में भारतीय पर्यटकों को वीजा-मुक्त प्रवेश देने का ऐला1न किया था।

विवाद

चीन-फिलीपींस के बीच क्या है विवाद?

चीन लगभग पूरे दक्षिण चीन सागर और उसके द्वीपों और रेतीले टीलों पर अपना दावा करता है, जबकि फिलीपींस, मलेशिया, वियतनाम, ब्रुनेई और ताइवान भी अपनी समुद्री सीमा में ऐसा ही दावा करते हैं। समुद्र के दक्षिणी हिस्से में स्प्रैटली द्वीप श्रृंखला है, जिसमें 100 टापू और चट्टानें हैं, जिनमें से 45 पर चीन, ताइवान, मलेशिया, वियतनाम या फिलीपींस का कब्जा है। 2023 और 2024 में चीनी और फिलीपींस के जहाजों की झड़प भी हुई थी।