4 महानगरों में पेट्रोल 100 रुपये के पार, क्रूड सस्ता फिर भी क्यों बढ़ रही कीमत?
पिछले 2 हफ्तों में 4 बार दाम बढ़ने के बाद प्रति लीटर पेट्रोल करीब 7.5 रुपये महंगा हो गया है।
अब देश के चारों महानगरों में इसकी कीमत 100 रुपये के पार पहुंच गई है। दिल्ली में यह 102.12 रुपये, मुंबई में 111.21 रुपये, कोलकाता में 113.51 रुपये और चेन्नई में 107.77 रुपये प्रति लीटर में बिक रहा है।
वैश्विक क्रूड में उछाल, ईरान तनाव का असर
पेट्रोल के बढ़ते दामों की मुख्य वजह कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में उछाल है। फरवरी में ईरान से जुड़े तनावों के कारण इनमें तेजी देखने को मिली थी।
हालांकि, पिछले कुछ समय से कच्चे तेल के दाम नीचे आए हैं और ब्रेंट क्रूड अब 97.92 डॉलर (करीब 9,100 रुपये) प्रति बैरल पर है, लेकिन इसके बावजूद हमारे देश में पेट्रोल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।
19-30 फीसदी तक वसूला जाता है वैट
राज्य सरकार के टैक्स (वैट) भी इसमें बड़ी भूमिका निभाते हैं। पेट्रोल पर वैट की दर दिल्ली में 19 फीसदी है, जबकि बेंगलुरु में यह करीब 30 फीसदी तक पहुंच जाती है।
इसके अलावा ट्रांसपोर्टेशन और डीलर का कमीशन जैसे अन्य खर्च भी इसमें शामिल होते हैं। यही कारण है कि आप किस शहर में रहते हैं, उसके आधार पर पेट्रोल की पंप पर मिलने वाली कीमत में काफी अंतर देखने को मिलता है।