Loading...
इंडिगो की उड़ान पर 17,000 फीट की ऊंचाई पर बिजली गिरी, विमान क्षतिग्रस्त
पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो उड़ान पर 17,000 फीट की ऊंचाई पर बिजली गिरी

इंडिगो की उड़ान पर 17,000 फीट की ऊंचाई पर बिजली गिरी, विमान क्षतिग्रस्त

लेखन गजेंद्र
Oct 08, 2026
09:39 am

क्या है खबर?

बिहार की राजधानी पटना से उत्तर प्रदेश के लखनऊ जा रही इंडिगो की उड़ान बुधवार को आसमानी बिजली की चपेट में आ गई, जिससे विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय विमान करीब 17,000 फीट की ऊंचाई पर था। विमान की लखनऊ हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित हैं। किसी को चोट आने की खबर सामने नहीं आई है। विमानों की तस्वीरें भी सामने आई है, जिसमें क्षतिग्रस्त हिस्सा दिख रहा है।

हादसा

खराब मौसम के कारण हुआ हादसा

इंडिगो की उड़ान 6E925 ने बुधवार दोपहर 3:10 पर पटना हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और इसे शाम 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था।

जब विमान लखनऊ में उतरने की तैयारी कर रहा था, तभी बिजली गिरने की घटना हुई, जिससे विमान को आनन-फानन में 15 मिनट पहले करीब 4:05 बजे लखनऊ में आपातकालीन परिस्थिति में उतारना पड़ा।

घटना के दौरान विमान में सवार यात्री काफी दहशत में आ गए थे, लेकिन पायलट ने हालात संभाल लिए।

हादसा

विमान को मरम्मत के लिए भेजा गया

इस विमान को लखनऊ उतरने के बाद अहमदाबाद के लिए 6E6968 उड़ान का संचालन करना था, लेकिन बिजली गिरने से तकनीकी खराबी भी सामने आई है, जिसके बाद विमान को रोक दिया गया।

एयरलाइन ने अहमदाबाद जाने के लिए सभी 104 यात्रियों को शाम लगभग 6:22 बजे वैकल्पिक उड़ान से रवाना किया।

क्षतिग्रस्त विमान को इंजीनियरों की एक टीम देख रही है, जो बिजली गिरने से हुए नुकसान का आकलन कर रही है। विमान को मरम्मत के लिए भेजा जाएगा।

ADVERTISEMENT

बिजली

जून में भी बिजली गिरी थी

इस घटना से पहले 19 जून को पश्चिम बंगाल के कोलकाता हवाई अड्डे पर भी इंडिगो विमान के साथ बिजली गिरने की घटना घटी थी।

अगरतला जा रहे विमान पर आंधी-तूफान के दौरान बिजली गिरी थी, जिससे विमान में तकनीकी खराबी आ गई थी।

घटना के समय विमान पर 141 यात्री और 6 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिन्हें विमान से उतार दिया और बाद में उन्हें दूसरे विमान से अगरतला ले जाया गया।

ADVERTISEMENT