पेर्नोड रिकार्ड अभी दिल्ली में नहीं बेच सकेगी अपनी प्रीमियम शराब, कोर्ट नहीं हटाई पाबंदी
फ्रांसीसी शराब कंपनी पेर्नोड रिकार्ड अभी दिल्ली में अपनी चिवास रीगल और एब्सोल्यूट वोदका जैसी प्रीमियम शराब नहीं बेच सकेगी। दिल्ली हाई कोर्ट ने उसकी पाबंदी हटाने की याचिका को खारिज कर दिया है।
यह पाबंदी साल 2023 से लगी हुई है। कंपनी 2021 की शराब नीति से जुड़ी जांच के घेरे में है। अधिकारियों का आरोप है कि कंपनी ने बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए दुकानदारों के साथ मिलीभगत की थी।
2,996 करोड़ रुपये का मिला टैक्स नोटिस
दिल्ली में पेर्नोड रिकार्ड के ब्रांड्स 2023 से नहीं बिक रहे हैं, क्योंकि कंपनी का लाइसेंस आवेदन खारिज कर दिया गया था। जांचकर्ताओं का कहना है कि कंपनी ने ज्यादा टैक्स से बचने के लिए स्कॉच इंपोर्ट की कीमत कम दिखाई थी।
इसी वजह से कंपनी से 2,996 करोड़ रुपये के भारी टैक्स की मांग की गई है। अगर, इसमें जुर्माना भी जुड़ जाए तो यह रकम लगभग दोगुनी हो सकती है।
पेर्नोड रिकार्ड ने किसी भी गड़बड़ी से इनकार किया है और दावा किया है कि वह सभी नियमों का पालन करती है। हालांकि, यह मामला इसलिए भी अहम है, क्योंकि पिछले साल भारत में कंपनी का कारोबार 27,700 करोड़ रुपये का रहा था।