326 सांसदों पर आपराधिक मामले, केरलम के सबसे ज्यादा सांसद शामिल
सामने आया है कि कुल 326 सांसदों पर इस समय आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें 251 लोकसभा के और 75 राज्यसभा के सदस्य शामिल हैं। चिंता की बात यह है कि इनमें से 210 पर ऐसे संगीन आरोप लगे हैं, जिनमें दोषी पाए जाने पर 5 साल या उससे ज्यादा की जेल हो सकती है।
सांसदों और विधायकों पर 4,192 केस लंबित
सुप्रीम कोर्ट ने 2018 से ही इन मामलों की जल्द सुनवाई का निर्देश दिया था, लेकिन इसके बावजूद नेताओं के खिलाफ 4,192 मुकदमे अभी भी लंबित हैं। सुप्रीम कोर्ट के सलाहकार (एमिकस क्यूरी) वरिष्ठ वकील विजय हंसारिया बताते हैं कि नए मामले लगातार आने से लंबित केसों का बोझ बढ़ता जा रहा है, जिससे उन्हें निपटाना मुश्किल हो रहा है।
केरलम के 95 प्रतिशत सांसदों पर आरोप
आपराधिक मामलों में केरलम के सांसदों की संख्या सबसे ज्यादा है, जहां करीब 95 प्रतिशत सांसदों पर आरोप लगे हुए हैं। इस सूची में तेलंगाना और ओडिशा उसके बाद हैं।
इन केसों की सुनवाई में तेजी लाने के लिए हंसारिया ने विशेष अदालतों के गठन और हाईकोर्ट द्वारा नियमित निगरानी का सुझाव दिया है। इसी को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने हजारों मामलों की निगरानी के लिए अब खास बेंच बनाने का आदेश दिया है। साथ ही, सांसदों और विधायकों से जुड़े केसों को प्राथमिकता देने को कहा है, जिससे इन पर जल्द फैसला आ सके।