खालिस्तानी आतंकी पन्नू ने अब दी भारतीय संसद पर हमले की धमकी, सुरक्षा कड़ी की गई
क्या है खबर?
खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक बार फिर वीडियो जारी कर भारत पर हमले की धमकी दी है। इस बार उसने धमकी भरा वीडियो जारी कर कहा कि वो 13 दिसंबर या उससे पहले भारत के संसद भवन पर हमला करेगा।
इस धमकी के बाद से देश की राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को और बढ़ा दिया गया है।
बता दें कि 13 दिसंबर को 2001 में संसद पर आतंकी हमले की 22वीं बरसी है।
पन्नू
पन्नू ने अपने वीडियो में क्या कहा?
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, पन्नू ने वीडियो में कहा कि भारतीय एजेंसियों ने उसकी हत्या की योजना बनाई थी, जो असफल हो गई और अब वह इसके जवाब में हमले की योजना बना रहा और 13 दिसंबर को संसद पर हमला करेगा।
वीडियो में पन्नू ने ससंद भवन पर हमले के दोषी अफजल गुरु के साथ एक पोस्टर भी जारी किया, जिस पर 'दिल्ली बनेगा खालिस्तान' लिखा हुआ है।
हाई अलर्ट
पाकिस्तान की शह पर काम कर रहा पन्नू
सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों ने कहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) के K-2 (कश्मीर-खालिस्तान) ने पन्नू को भारत विरोधी एजेंडे की स्क्रिप्ट दी है।
इंडिया टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, अफजल गुरु के साथ तस्वीर के जरिए पन्नू कश्मीरी आतंकियों और पाकिस्तान के कश्मीर एजेंडे को साधने की कोशिश की है।
पन्नू का धमकी भरा वीडियो सामने आने के बाद से सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
धमकी
पन्नू ने एयर इंडिया की फ्लाइट उड़ाने की भी दी थी धमकी
इससे पहले पन्नू ने 4 नवंबर को भी वीडियो जारी करते हुए एयर इंडिया की उड़ानों पर हमले की धमकी दी थी।
वीडियो में धमकी देते हुए उसने कहा था, "हम सभी सिखों से 19 नवंबर को एयर इंडिया की उड़ानों में चढ़ने से बचने के लिए कह रहे हैं। इस दिन वैश्विक नाकाबंदी होगी और एयर इंडिया को अनुमति नहीं दी जाएगी।"
इस धमकी के बाद दिल्ली और पंजाब के हवाई अड्डों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी।
आरोप
पन्नू पर हमले की नाकाम साजिश का मामला क्या है?
दरअसल, 22 नवंबर को फाइनेंशियल टाइम्स ने अज्ञात सूत्रों के हवाले से कहा था कि अमेरिका ने खालिस्तानी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) प्रमुख पन्नू को मारने की साजिश को नाकाम किया था।
इस साजिश का आरोप अमेरिका ने भारत पर लगाया था और बाद में इस मामले में निखिल गुप्ता नाम के एक नागरिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू की थी।
निखिल पर एक भारतीय अधिकारी के निर्देश पर साजिश रचने का आरोप है।
पन्नू
कौन है गुरपतवंत सिंह पन्नू?
गुरपतवंत सिंह पन्नू अमृतसर के खानकोट गांव का रहने वाला है और पंजाब यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई के बाद विदेश चला गया था।
तभी से वो कनाडा तो कभी अमेरिका में रह रहा है। विदेश में रहकर वो खालिस्तानी गतिविधियों को अंजाम देता है और भारत के खिलाफ ऑनलाइन अभियान चलाता है।
समय-समय पर वीडियो जारी कर भारत सरकार के खिलाफ जहर उगलता है। उसी ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI की मदद से SFJ संगठन का गठन किया था।