आज से कई बदलाव लागू; एक घर में LPG-PNG कनेक्शन नहीं, सिलेंडर बुकिंग के लिए OTP जरूरी
क्या है खबर?
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) के इस्तेमाल से जुड़े नए नियमों को आज यानी 1 मई से लागू कर दिया है। ईरान युद्ध के चलते पैदा हुए ऊर्जा संकट के बीच सरकार ने उन घरों को टारगेट किया है जिनके पास LPG और PNG दोनों कनेक्शन हैं। इसके साथ ही गैस सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी से जुड़े नियम भी सख्त किए गए हैं। आइए आज से हुए बदलाव जानते हैं।
कनेक्शन
एक ही घर में LPG-PNG कनेक्शन नहीं
सरकार ने उन घरों की पहचान करना शुरू कर दिया है, जिनके पास LPG और PNG दोनों कनेक्शन हैं। LPG रेगुलेशन ऑर्डर में 14 मार्च को किए गए एक बदलाव के तहत, जिन घरों में पाइप वाली नेचुरल गैस (PNG) आती है, उन्हें अपने घरेलू LPG कनेक्शन वापस करने होंगे। अब वे LPG रिफिल या नए कनेक्शन के हकदार नहीं होंगे। तेल कंपनियों और डिस्ट्रीब्यूटरों को भी निर्देश दिया गया है कि वे ऐसे ग्राहकों को LPG सप्लाई न करें।
उद्देश्य
क्या है इस कदम का उद्देश्य?
इस कदम का मकसद उन घरों को LPG देने में प्राथमिकता देना है जिनके पास PNG सुविधा नहीं है। साथ ही पाइप वाली गैस नेटवर्क के विस्तार में मदद करना है। अब तक दोहरे कनेक्शन वाले 43,000 से ज्यादा ग्राहकों ने अपने LPG कनेक्शन वापस कर दिए हैं। सरकार ने ये कदम दोहरे गैस कनेक्शन रखने पर रोक लगाने के बाद किया है, ताकि गलत इस्तेमाल को रोका जा सके और सब्सिडी सही लोगों तक पहुंचे।
बुकिंग
सिलेंडर बुकिंग से जुड़े नियम भी सख्त
देश भर में गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को अब 2 बुकिंग के बीच समय, OTP-आधारित डिलीवरी और अनिवार्य KYC अपडेट से जुड़े नए नियमों का पालन करना होगा। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शहरी इलाकों में बुकिंग का समय 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है। वहीं, ग्रामीण इलाकों में इसे 45 दिन तक बढ़ा दिया है। इसका उद्देश्य जमाखोरी को रोकना और संकट के बीच आपूर्ति बनाए रखना है।
कीमत
वाणिज्यिक गैस सिलेंडर 994 रुपये तक महंगा हुआ
तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कीमतों में 994 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। दिल्ली में अब इसकी कीमत 2,078 रुपये से बढ़कर 3,071 रुपये हो गई है। वहीं, कोलकाता में कीमत 2,208 से बढ़कर 3,202, मुंबई में 2,031 से बढ़कर 3,024 और चेन्नई में 2,246 से बढ़कर 3,237 रुपये हो गई है। हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
अन्य बदलाव
ये बदलाव भी हुए लागू
ATM से महीने में निर्धारित संख्या से ज्यादा पैसे निकालने पर हर बार 23 रुपये शुल्क लगेगा। ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े नए नियम भी लागू हो गए हैं। इसमें मनी गेम को पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। बाकी गेम्स के लिए पंजीयन जरूरी होगा। UPI भुगतान करने के लिए केवल पिन डालना काफी नहीं होगा। किसी एक और वेरिफिकेशन जैसे बायोमेट्रिक का इस्तेमाल भी करना पड़ सकता है। इससे ऑनलाइन भुगतान में धोखाधड़ी कम होगी।