भारत और अमेरिका का ड्रग्स के खिलाफ संयुक्त अभियान, 4 शहरों से 6 गिरफ्तार
क्या है खबर?
भारत के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने अमेरिका के ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। इस नेटवर्क के जरिए अमेरिका में साइकोट्रोपिक और ओपिओइड ड्रग्स भेजी जा रही थीं। 'मानसून थंडर' नामक इस अभियान के तहत, NCB ने हैदराबाद, दिल्ली, कोलकाता और लखनऊ सहित भारत के कई शहरों में छापेमारी की। इस दौरान 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई
नेटवर्क ने ड्रग्स के 3,000 पार्सल अमेरिका भेजे
ये छापेमारी 4 और 13 नवंबर को की गई। जांच में पता चला है कि यह नेटवर्क सीमाओं के पार काम करता था और अमेरिका में खरीदारों को प्रतिबंधित ड्रग्स सप्लाई करता था।
डिजिटल रिकॉर्ड्स से पता चला कि इस नेटवर्क ने जून 2022 से नवंबर 2026 के बीच लगभग 3,000 पार्सल भेजे, जिनमें करीब 5 लाख गोलियां थीं।
यह कार्रवाई NCB और DEA के बीच साझा की गई खुफिया जानकारियों के आधार पर की गई।
सोशल मीडिया
सोशल मीडिया के जरिए देते थे ऑर्डर
जांच के दौरान, NCB ने अमेरिका भेजी जा रही 1,500 से अधिक गोलियों वाली कई खेपों का पता लगाया और DEA के साथ महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इसके बाद DEA ने इन खेपों को जब्त कर लिया।
जांच में सामने आया कि भारत में बैठे लोग टेलीग्राम और व्हाट्सऐप जैसे एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए ऑर्डर लेते थे। वहीं, अमेरिका में बैठे उनके साथी यूनाइटेड स्टेट्स पोस्टल सर्विस (USPS) सहित विभिन्न डाक और डिलीवरी नेटवर्क के जरिए इन्हें भेजते थे।
डेटा
NCB ने DEA के साथ साझा की 59,000 ग्राहकों की जानकारी
NCB ने 59,000 से ज्यादा ग्राहकों का डेटाबेस भी DEA के साथ साझा किया है। इसमें उनके लेनदेन, पहले भेजे गए शिपमेंट का विवरण, डिलीवरी पते, डिलीवरी ट्रैकिंग ID और दवाओं के प्रकार जैसी जानकारी शामिल है।
इस डेटाबेस को DEA को सौंप दिया गया है, ताकि वे अमेरिका में मौजूद लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर सकें।
जांच में पता चला है कि भारत में बैठे लोग वेनमो, UPI, क्रिप्टोकरेंसी और हवाला नेटवर्क के जरिए भुगतान और कमीशन लेते थे।
ड्रग्स
कई देशों से ड्रग्स मंगवाए जाने का शक
अधिकारियों को एक गिरफ्तार व्यक्ति के पास से डिजिटल फाइलें और ड्रग्स की जानकारी मिली है। इससे संकेत मिल रहा है कि ये चीजें कई देशों से आ रही थीं।
अब अधिकारी ड्रग्स को मंगाने के तरीकों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इनकी आवाजाही की जांच कर रहे हैं।
NCB अधिकारियों ने कहा कि यह ऑपरेशन उन गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई का हिस्सा है, जो ड्रग्स तस्करी के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म, डाक सेवाओं और सप्लाई चेन का गलत फायदा उठाते हैं।