LOADING...
जम्मू-कश्मीर के उरी में एक आतंकी ढेर, पुंछ में एक जवान शहीद
उरी में सुरक्षाबलों ने एक पाकिस्तानी आतंकी को ढेर कर दिया है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

जम्मू-कश्मीर के उरी में एक आतंकी ढेर, पुंछ में एक जवान शहीद

लेखन आबिद खान
Mar 15, 2026
09:38 am

क्या है खबर?

कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में सुरक्षा बलों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है। यहां एक पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया है। सेना ने बताया कि घुसपैठ के बारे में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर 14 और 15 मार्च की रात को उरी सेक्टर के बुछार क्षेत्र में भारतीय सेना और जम्मू और कश्मीर पुलिस के नेतृत्व में अभियान शुरू किया गया था। इस दौरान एक आतंकी मारा गया।

बयान

सेना ने दी अभियान की जानकारी

सेना ने कहा, 'जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर 14-15 मार्च की रात उरी के बुछार इलाके में एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया। जवानों ने झाड़ियों में एक आतंकवादी की हलचल देखी।बलों ने घात लगाने की स्थिति में बदलाव किया और संदिग्ध को चुनौती दी, जिसके बाद आतंकवादी ने गोलीबारी शुरू कर दी। मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया। मौके से AK राइफल, पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद सहित युद्धक सामग्री बरामद की गई।'

पुंछ

पुंछ में एक JCO शहीद

पुंछ में चल रहे 'ऑपरेशन शेरी कलां' के तहत एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) शहीद हो गया है। सेना ने बताया कि सुरनकोट इलाके में ड्यूटी के दौरान ऊबड़-खाबड़ इलाके में गिरने से JCO सूबेदार संदीप कुमार ढाका की जान चली गई। सेना ने बताया कि दोपहर करीब 2.30 बजे वे फिसलकर गिर गए। उसके बाद उन्होंने कोई प्रतिक्रिया देना बंद कर दिया। उन्हें तुरंत सैन्य अस्पताल ले जाया गया, लेकिन पूरी कोशिशों के बावजूद बचाया नहीं जा सका।

Advertisement