LOADING...
कुवैत में ईरानी हमले में एक भारतीय की मौत, अब तक 8 नागरिक मारे गए
कुवैत में ईरानी हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है

कुवैत में ईरानी हमले में एक भारतीय की मौत, अब तक 8 नागरिक मारे गए

लेखन आबिद खान
Mar 30, 2026
09:02 am

क्या है खबर?

बीते दिन यानी 29 मार्च को कुवैत में एक बिजली और वाटल डिसेलीनेशन (समुद्र का पानी शुद्ध करने वाले संयंत्र) पर ईरान ने हमला किया था। इस हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई है। कुवैत के विद्युत एवं जल मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। इसी के साथ पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध में मारे गए भारतीय नागरिकों की संख्या कम से कम 8 हो गई है।

बयान

कुवैत बोला- ये ईरान का निंदनीय आक्रमण

कुवैत के बिजली, पानी और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि हमले में संयंत्र की एक सेवा इमारत को भी नुकसान पहुंचा है। मंत्रालय ने हमले को कुवैत के खिलाफ ईरान का निंदनीय आक्रमण बताया। मंत्रालय ने आगे कहा, 'नुकसान को नियंत्रित करने और परिचालन जारी रखने के लिए तकनीकी और आपातकालीन प्रतिक्रिया दल तुरंत भेजे गए। इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है।'

भारतीय

26 मार्च को UAE में हुई थी एक भारतीय की मौत

26 मार्च को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में अबू धाबी के ऊपर एक बैलिस्टिक मिसाइल को रोके जाने के बाद गिरे मलबे से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी। भारतीय दूतावास ने कहा था कि वह UAE के अधिकारियों के साथ मिलकर हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए काम कर रहा है। बीते दिन कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने बताया था कि देश के हवाई क्षेत्र में 14 मिसाइलें और 12 ड्रोन देखे गए थे।

Advertisement