Loading...
ओमान तट के पास भारतीय ध्वज वाले जहाज पर हमला, एक नाविक की मौत
ओमान के तट के पास भारतीय चालक दल वाले जहाज पर हमला (प्रतीकात्मक तस्वीर)

ओमान तट के पास भारतीय ध्वज वाले जहाज पर हमला, एक नाविक की मौत

लेखन आबिद खान
Nov 03, 2026
12:34 pm

क्या है खबर?

होर्मुज जलडमरूमध्य से सटे इलाकों में जहाजों पर हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। बीते दिन ओमान तट के पास भारतीय ध्वज वाले जहाज 'अल जुसुफी' पर हमला हुआ है। इसमें 14 भारतीय नाविक सवार थे, जिसमें से एक की मौत हो गई है। केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने ये जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि चालक दल के बाकी 13 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

बयान

गुजरात का रहने वाला था मृतक नाविक

सोनेवाल ने कहा, '2 नवंबर को ओमान के तट के पास भारतीय जहाज 'अल जुसुफी' से अज्ञात हवाई वस्तु टकरा गई। जहाज पर 14 भारतीय नाविक सवार थे। 13 सुरक्षित बाहर निकल आए और ओमानी कोस्ट गार्ड ने उन्हें बचा लिया। मुझे यह बताते हुए दुख हो रहा है कि गुजरात के रहने वाले एक नाविक गंधार नाहिम अजीज की चोटों के कारण दुखद मृत्यु हो गई है। मैं उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।'

हमला

UAE से गुजरात आ रहा था जहाज

रिपोर्ट के मुताबिक, यह जहाज 31 अक्टूबर को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के हमरिया बंदरगाह से पोरबंदर के लिए रवाना हुआ था। 2 नवंबर को शाम करीब 4 बजे ओमान के लीमा बंदरगाह के पास अज्ञात रॉकेट या ड्रोन से जहाज को निशाना बनाया गया।

इसके बाद जहाज पर भीषण आग लग गई।

बताया जा रहा है कि जहाद पर सवार बाकी भारतीय नाविक भी गुजरात के सलाया और खंभालिया क्षेत्रों के हैं।

ADVERTISEMENT

निंदा

भारत ने हमलों की निंदा की

भारत ने हमले की निंदा की है।

विदेश मंत्रालय ने कहा, "जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं। हम एक बार फिर तनाव को तुरंत कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए चल रही बातचीत को पूरा करने का आह्वान करते हैं, ताकि इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता वापस आ सके। इस क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना तुरंत बंद होना चाहिए।"

ADVERTISEMENT