पंजाब चुनाव: ECI के कड़े तेवर, 31 पुलिस अधिकारियों का ताबड़तोड़ तबादला
पंजाब में पुलिस विभाग में बड़े बदलाव किए गए हैं। कुल 31 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं, जिनमें 8 IPS और 23 PPS अधिकारी शामिल हैं। यह बड़ा फेरबदल आने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों को देखते हुए चुनाव आयोग के निर्देशों पर किया गया है। इसके अलावा, अब 6 जिलों को नए सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस मिले हैं।
पंजाब पुलिस में कई बड़े पदों पर फेरबदल
गुरप्रीत सिंह भुल्लर को अमृतसर के बॉर्डर रेंज का IGP (इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस) बनाया गया है। वहीं, हरमनबीर सिंह अमृतसर के पुलिस कमिश्नर का पद संभालेंगे। भुल्लर का पिछला ट्रांसफर एक कथित आतंकी साजिश पर उनकी टिप्पणी से जुड़ा था।
दूसरे महत्वपूर्ण तबादलों की बात करें तो, बठिंडा की SSP ज्योति यादव को चंडीगढ़ में पंजाब आर्म्ड पुलिस (PAP) की 82वीं बटालियन का कमांडेंट बनाया गया है। उनकी जगह सुहैल कासिम मीर लेंगे।
पटियाला के SSP वरुण शर्मा अब मोहाली के SSP होंगे, जबकि हरमनदीप सिंह हंस पटियाला में SSP का पद संभालेंगे। इस चुनावी फेरबदल के तहत मानसा, मलेरकोटला और पठानकोट को भी नए SSP मिले हैं।