गुरुवार देर रात मुंबई में ठाणे-बेलापुर रोड पर शिरावन इलाके में 4 बदमाशों ने 20 करोड़ रुपये के सोने की एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। यह वारदात रोड से सटी सर्विस रोड पर हुई।
बदमाशों ने अपनी वैगनआर गाड़ी से पहले एक कार को रोका। फिर लोहे की रॉड से उसकी खिड़कियां तोड़ दीं। उन्होंने कार के ड्राइवर को घायल किया और करीब 16.4 किलो सोने के बिस्कुट और चेन लेकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज किया, आरोपी 22-35 साल के हो सकते हैं
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। उनका कहना है कि आरोपी 22 से 35 साल की उम्र के बीच के हो सकते हैं। एक फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी वारदात वाली जगह का दौरा किया। सेंट्रल क्राइम ब्रांच और क्राइम ब्रांच की दूसरी यूनिट की टीमें भी इस जांच में शामिल हैं।