ओडिशा सरकार का बड़ा तोहफ़ा, 'ज्ञानोदय' में KG से PG तक मिलेगी मुफ्त शिक्षा
ओडिशा सरकार ने 'ज्ञानोदय' प्रोग्राम शुरू किया है, जिसके तहत सरकारी विश्वविद्यालय, सरकारी कॉलेजों और प्राइवेट एडेड कॉलेजों में किंडरगार्टन से लेकर पोस्टग्रेजुएट तक की पढ़ाई मुफ्त होगी। मंगलवार को इसकी घोषणा हुई थी। इस योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पैसे की कमी किसी भी छात्र की पढ़ाई में बाधा न बने। छात्र इस सुविधा का लाभ उठा सकें, इसके लिए उन्हें कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति बनाए रखनी होगी। हालांकि, अगर किसी के पास कोई जायज कारण है, तो 65 प्रतिशत उपस्थिति भी मान्य होगी।
'ज्ञानोदय' में क्या-क्या शामिल?
इस योजना के दायरे में प्रवेश और पढ़ाई की फीस आती हैं, लेकिन परीक्षा शुल्क और हॉस्टल का खर्च इसमें शामिल नहीं है। यह सुविधा पेशेवर, तकीनीकी या स्व-वित्तपोषित पाठ्यक्रम पर लागू नहीं होती। इसके अलावा, निजी गैर-सहायता प्राप्त और PPP (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) कॉलेजों के छात्रों को भी इसका लाभ नहीं मिलेगा। फीस का रिफंड सीधे छात्रों के बैंक अकाउंट में भेजा जाएगा। अगर कोई कॉलेज अपनी फीस बढ़ाने का प्रस्ताव रखता है, तो उसे सरकार से पहले अनुमति लेनी होगी, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।