LOADING...
ओडिशा में छात्रा के आत्मदाह मामले में ABVP के संयुक्त सचिव समेत 2 गिरफ्तार
ओडिशा में छात्रा के आत्मदाह मामले में ABVP के नेता गिरफ्तार

ओडिशा में छात्रा के आत्मदाह मामले में ABVP के संयुक्त सचिव समेत 2 गिरफ्तार

लेखन गजेंद्र
Aug 04, 2025
10:54 am

क्या है खबर?

ओडिशा के बालासोर में 20 वर्षीय छाज्ञा के आत्मदाह मामले में पुलिस ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के राज्य संयुक्त सचिव समेत 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि ABVP संयुक्त सचिव शुभ्रा संबित नायक और सदस्य ज्योति प्रकाश बिस्वाल कथित तौर पर उस समय मौजूद थे, जब छात्रा ने खुद को आग लगाई थी। दोनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

आरोप

दोनों पर क्या है आरोप?

अपराध शाखा के अधिकारियों ने बताया कि छात्रा के आत्मदाह के दिन दोनों उसके साथ थे। दोनों पर छात्रा को उकसाने का आरोप है, जिसके बाद छात्रा ने जान दी। इसमें ज्योति प्रकाश छात्रा को बचाने में घायल हो गए, जो अस्पताल में भर्ती थे। अस्पताल से छूटने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। दोनों ने वीडियो रिकॉर्डिंग भी की थी। दोनों को रविवार रात बालासोर के उप-मंडल न्यायिक मजिस्ट्रेट के आवासीय कार्यालय में पेश कर जेल भेजा गया।

घटना

क्या है छात्रा की आत्मदाह का मामला?

बालासोर में फकीर मोहन स्वायत्त महाविद्यालय की Bed द्वितीय वर्ष की छात्रा काफी समय से अपने विभागाध्यक्ष से परेशान थी। छात्रा ने प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न और परीक्षा में फेल करने की धमकी देने का आरोप लगाया था। 12 जुलाई को छात्रा ने प्रिसिंपल से मुलाकात के बाद आत्मदाह कर लिया। उसकी 14 जुलाई को भुवनेश्वर AIIMS में मौत हो गई। छात्रा की मौत के बाद ओडिशा में राजनीतिक बवाल छिड़ गया है। विपक्ष भाजपा सरकार पर हावी है।

जांच

विभागाध्यक्ष और प्राचार्य गिरफ्तार, ABVP से थी छात्रा

राज्य में मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने कॉलेज के प्राचार्य दिलीप कुमार घोष और Bed विभागाध्यक्ष समीर कुमार साहू को गिरफ्तार किया था। अब कुल गिरफ्तार लोगों की संख्या 4 हो गई है। आत्मदाह करने वाली छात्रा भी ABVP से जुड़ी बताई जा रही थी। उसने मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों को पत्र भी लिखा था। मामले की जांच अपराध शाखा की महिला एवं बाल अपराध शाखा भी कर रही है।