NTA ने शुरू किया 'परीक्षा कर्मयोगी' कार्यक्रम, NEET UG समेत हर बड़ी परीक्षा होगी धांधली मुक्त?
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG जैसी बड़ी परीक्षाओं को और भी सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए 'परीक्षा कर्मयोगी' नाम का एक नया ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया है। यह iGOT कर्मयोगी भारत प्लेटफॉर्म का एक हिस्सा है। इसे परीक्षाओं में पेपर लीक होने और धांधली की हालिया चिंताओं के बाद लॉन्च किया गया है। इस प्रोग्राम का लक्ष्य परीक्षा अधिकारियों को पेन-पेपर टेस्ट बिना किसी परेशानी के कराने में मदद करना है, ताकि स्टूडेंट्स को पूरी प्रक्रिया पर भरोसा बना रहे।
परीक्षा कर्मयोगी ट्रेनिंग के 4 मॉड्यूल
परीक्षा कर्मयोगी ट्रेनिंग में 4 मॉड्यूल (हिस्से) हैं। ये मॉड्यूल परीक्षा केंद्रों को तैयार करने से लेकर टेस्ट के दिन के इंतजामों तक सभी जरूरी जानकारी देते हैं। पहले मॉड्यूल में परीक्षा की निष्पक्षता पर खास ध्यान दिया गया है, जबकि बाकी 3 मॉड्यूल में अधिकारियों को सुरक्षा के नियमों, टेस्ट के दिन की निगरानी और परीक्षा के बाद किए जाने वाले कामों के बारे में बताया गया है। इसमें तुरंत जानकारी पाने के लिए एक रेफेरेंस गाइड भी शामिल है। अधिकारी अपनी सुविधानुसार यह ट्रेनिंग पूरी करके सर्टिफिकेट हासिल कर सकते हैं, जिससे सबसे अहम समय पर सभी एक ही ढंग से काम कर सकें।