Page Loader
उत्तर भारत में घटेगा कोहरा, दिल्ली में शीतलहर के बीच हल्की बारिश के आसार
दिल्ली में शीतलहर के बीच हल्की बूंदाबांदी के आसार (तस्वीरः unsplash)

उत्तर भारत में घटेगा कोहरा, दिल्ली में शीतलहर के बीच हल्की बारिश के आसार

लेखन गजेंद्र
Jan 12, 2023
11:50 am

क्या है खबर?

उत्तर भारत में पड़ रही कड़ाके की सर्दी से अब कोहरा छंट सकता है। हालांकि, दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में शीतलहर और बारिश की संभावना बन रही है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में बूंदाबांदी के बीच न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है, वहीं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा चलने से कोहरा थोड़ा कम हुआ है।

मौसम

उत्तर भारत में कोहरे के कारण प्रभावित दृश्यता में अब सुधार

पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने से अब उत्तर पश्चिमी हवाएं चलेंगी जो बर्फ से ढके पहाड़ों की सर्दी को मैदान तक पहुंचाएंगी। इससे शीतलहर की संभावना बढ़ गई है। हालांकि, उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों से जारी कोहरे का असर अब कम होने से दृश्यता में सुधार हुआ है। पहले जहां दृश्यता 50 से 200 मीटर थी, वह अब बढ़कर 400 मीटर से ज्यादा हो गई। यह राहत वाली खबर है क्योंकि कोहरे से काफी हादसे हुए थे।