घर के पास PNG है तो 3 महीने में लें कनेक्शन, वरना बंद होगा LPG सिलेंडर
क्या है खबर?
पश्चिमी एशिया में संघर्ष के कारण पैदा हुए गैस संकट को देखते हुए केंद्र सरकार ने नया आदेश जारी किया है। उसने पाइपलाइन प्राकृतिक गैस (PNG) को एक तरह से अनिवार्य कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिन घरों के आसपास PNG उपलब्ध हैं, वहां के निवासियों को 3 महीने के अंदर कनेक्शन लेना होगा, वरना उनका LPG रसोई गैस सिलेंडर बंद कर दिया जाएगा। साथ ही, जिनके पास पहले से PNG कनेक्शन है, उनको उपयोग शुरू करना होगा।
आदेश
नए आदेश में क्या कहा गया है?
इंडिया टुडे के मुताबिक, नए आदेश में स्पष्ट है कि जब कोई अधिकृत संस्था किसी परिवार को सूचित कर दे कि उसके पास PNG उपलब्ध है, तो सिलेंडर से PNG पर स्विच करना अब वैकल्पिक नहीं रहेगा। आदेश के मुताबिक, "पते पर LPG आपूर्ति सूचना की तारीख से 3 महीने बाद बंद कर दी जाएगी।" हालांकि, इसमें राहत ये है कि LPG आपूर्ति तभी जारी रहेगी जब PNG कनेक्शन देना तकनीकी रूप से असंभव हो, और आपूर्तिकर्ता अनापत्ति प्रमाणपत्र दे।
कनेक्शन
सरकार बढ़ाना चाहती है PNG कनेक्शन, अभी तक सिर्फ डेढ़ करोड़ ग्राहक
पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक, देशभर में अभी 1.62 करोड़ से अधिक PNG कनेक्शन हैं, जिनकी संख्या बढ़ाने पर सरकार का जोर है। गैस किल्लत होने के बाद से रोजाना 5 से 7,000 नए कनेक्शन देशभर में दिए जा रहे हैं। आवेदन करने वालों की भी संख्या बढ़ी है। बताया जा रहा है कि देश में करीब 60 लाख से अधिक घर ऐसे हैं, जहां PNG कनेक्शन आसानी से दिया जा सकता है।
सुविधा
कैसे मिलेगा नया PNG कनेक्शन?
नया PNG कनेक्शन के लिए आपके घर के आसपास PNG लाइन होनी जरूरी है। इसके होने पर आपको LPG वितरक या फिर गैस-तेल कंपनी की ओर से एक संदेश या फोन आ सकता है। अगर फोन नहीं आता है तो आपके घर के पास उपलब्ध PNG कनेक्शन देने वाली कंपनी की वेबसाइट पर जाकर या आवेदन या फोन करके जानकारी ले सकते हैं। कनेक्शन के लिए 5,000-7,000 रुपये का खर्च आता है। यह सिलेंडर के मुकाबले सस्ती और सुरक्षित है।