टोल प्लाजा पर रुकने की छुट्टी, नितिन गडकरी किया 2027 से MLFF सिस्टम शुरू करने का ऐलान
सड़क पर लंबी यात्रा करने वालों और रोज़ाना आने-जाने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। भारत में मार्च 2027 तक मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) नाम का एक पूरी तरह से डिजिटल और बाधा-मुक्त टोल सिस्टम लागू किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुंबई में हुए ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के दौरान इसका ऐलान किया। इस नई व्यवस्था से टोल प्लाजा पर अब रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। गाड़ियां बिना रुके सीधे निकलती रहेंगी और भुगतान का काम टेक्नोलॉजी खुद ही संभाल लेगी।
MLFF से हर साल होगी 6,000-7,000 करोड़ रुपये की बचत
MLFF सिस्टम से लोगों के बड़े पैमाने पर पैसे और समय की बचत होगी। अनुमान है कि इससे हर साल 6,000 करोड़ से 7,000 करोड़ रुपये की बचत होगी, साथ ही 71 करोड़ घंटे और 56 करोड़ लीटर ईंधन भी बचेगा। फास्टैग की सफलता के बाद, जिसने पहले ही बड़े लाभ दिए हैं, MLFF पूरे भारत के हाईवे पर यात्रा करने वालों के लिए अब और भी आसान सफर और कम परेशानी का भरोसा दिलाता है।