LOADING...
निक्की यादव हत्याकांड: दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल ने साजिश रचने में निभाई थी अहम भूमिका
दिल्ली के नजफगढ़ में एक ढाबे में मिला था निक्की का शव

निक्की यादव हत्याकांड: दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल ने साजिश रचने में निभाई थी अहम भूमिका

Feb 19, 2023
10:15 am

क्या है खबर?

दिल्ली के निक्की यादव हत्याकांड के सिलसिले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। बतौर रिपोर्ट्स, हत्या के मुख्य आरोपी साहिल गहलोत के कजन और दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात नवीन ने निक्की यादव की हत्या की साजिश रचने में अहम भूमिका निभाई थी। गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस मामले में गहलोत के साथ-साथ उसके पिता, दो कजन और दो दोस्तों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

योजना 

आरोपी गहलोत पर बना रहे थे निक्की की हत्या करने का दबाव- पुलिस

एक पुलिस अधिकारी ने PTI को बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी गहलोत को निक्की को छोड़ने और उसे रास्ते से हटाने का उस पर दबाव बना रहे थे। बतौर रिपोर्ट्स, जब आरोपियों को यह पता चला कि निक्की और गहलोत ने 2020 में गुपचुप तरीके से शादी कर ली है, तो उन्होंने फरवरी के पहले सप्ताह में निक्की की हत्या की साजिश रची ताकि वह दूसरी महिला से शादी कर सके।

बयान

आरोपियों ने कैसे बनाई हत्या की योजना?

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, "आरोपियों ने निक्की की हत्या के बाद उसके शव को ढाबे के फ्रिज के अंदर रख दिया था, जिससे शव ताजा रहे और उससे कोई दुर्गंध नहीं आए। आरोपियों को लगा कि शादी में व्यस्त होने के कारण करीब तीन दिन तक किसी भी व्यक्ति को किसी भी असामान्य चीज पर कोई संदेह नहीं होगा।" पुलिस ने कहा कि आरोपी बाद में निक्की के शव को ठिकाने लगाने की योजना बना रहे थे।

Advertisement

आरोप

परिवार और दोस्तों को थी घटना की जानकारी- पुलिस

पुलिस गहलोत के पिता वीरेंद्र सिंह, दो कजन आशीष और नवीन (पुलिस कॉन्स्टेबल) और दो दोस्तों अमर और लोकेश को गिरफ्तार कर चुकी है। उनके खिलाफ आपराधिक साजिश रचने और सबूतों को छिपाने और नष्ट करने के जुर्म का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि गहलोत ने हत्या के बारे में अपने परिवार और दोस्तों को बताया था। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर निक्की की लाश छिपाने में गहलोत की मदद की थी।

Advertisement

हत्या 

क्या है निक्की यादव हत्याकांड?

दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में 14 फरवरी को एक ढाबे से फ्रिज में बंद निक्की की लाश मिली थी। निक्की की हत्या का आरोप उसके लिव-इन पार्टनर गहलोत पर लगा है। आरोपी किसी दूसरी लड़की से शादी करने वाला था। जब इसकी जानकारी निक्की को मिली तो उसने गहलोत को मिलने के लिए बुलाया। इस दौरान दोनों के बीच बहस हुई और गहलोत ने कार में डाटा केबल से गला घोंटकर निक्की की हत्या कर दी।

Advertisement