
नई-नवेली दुल्हन के हाथ का खाना खाकर परिवार बेहोश, आँख खुली तो हो चुके थे कंगाल
क्या है खबर?
आए दिन लूटपाट की घटनाएँ होती रहती हैं। आजकल लूटपाट की घटना को अलग तरह से अंजाम दिया जा रहा है।
हाल ही में एक ऐसी ही अलग तरह की लूटपाट की घटना उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में देखी गई है।
दरअसल, एक दिन पहले दुल्हन बनकर आई युवती ने पूरे परिवार को खाने में नशा देकर बेहोश कर दिया और फिर नकदी एवं जेवर लेकर फ़रार हो गई।
आइए इस घटना के बारे में विस्तार से जानें।
शादी
2 अगस्त को की थी मंदिर में शादी
जानकारी के अनुसार, यह घटना मुरादाबाद के सिविल लाइंस क्षेत्र झाँझनपुर की है।
वहाँ के निवासी 32 वर्षीय संजय सैनी होटल में कम करते हैं। बीते 2 अगस्त को संजय ने पूजा नाम की एक युवती से मंदिर में शादी की थी।
संजय ने बताया कि युवती बरेली की रहने वाली है। शादी के बाद दुल्हन के घर आने से परिवार में ख़ुशी का माहौल था।
संजय की बहनें और भांजे-भांजिया भी उनके घर पर रुके हुए थे।
मामला
दुल्हन ने खाने में मिलाया था नशील पदार्थ
शनिवार की रात को दुल्हन ने पहली बार सबके लिए अपने हाथ से खाना बनाया।
पहली बार नई-नवेली दुल्हन के हाथ का बना खाना खाने के लिए परिवार के सभी लोग उत्सुक थे।
दुल्हन ने खाने में नशील पदार्थ मिला दिया था, जिससे खाना खाने के लगभग आधे घंटे बाद ही परिवार के सभी लोग बेहोश हो गए।
इसके बाद दुल्हन घर में रखे 16,000 रुपये, सोने की चेन, कुंडल, पैंडल सहित अन्य ज़ेवर लूटकर फ़रार हो गई।
इलाज
इलाज के लिए परिवार को कराया गया अस्पताल में भर्ती
रविवार सुबह जब संजय के भाई प्रदीप की नींद खुली, तो उसने परिवार के अन्य सदस्यों को बेहोश पाया और घर से दुल्हन गायब थी।
बता दें कि नशील खाना खाने की वजह से संजय, उनकी बहन मंजू और लक्ष्मी, लक्ष्मी की बेटी चंचल और बेटा अंकित बेहोश हो गए थे।
इसके बाद परिवार के सदस्यों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
सिविल लाइंस SHO शक्ति सिंह ने अस्पताल पहुँचकर पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली।
अजीब
किसी ने दुल्हन का घर तक नहीं देखा
दूल्हे के भाई प्रदीप ने बताया कि संजय शादी करके घर बसाने के लिए काफ़ी दिनों से तैयारी कर रहा था।
इसके बाद पिता वीरू ने संभल में रहने वाले एक रिस्तेदार से इसके लिए बात की। रिस्तेदार बिचौलिया बना और बरेली की रहने वाली पूजा से शादी तय करवाई।
प्रदीप ने आगे बताया कि जब दुल्हन देखने के लिए हमारा परिवार बरेली पहुँचा, तो मंदिर में ही लड़की दिखाई गई थी। किसी ने पूजा का घर नहीं देखा था।
बिचौलिया
अब फोन नहीं उठा रहा बिचौलिया
लड़की दिखाने के लिए पूजा के साथ एक महिला आई थी, जिसे पूजा ने मौसी कहकर परिचय करवाया था। घटना वाली रात पूजा की मौसी भी संजय के घर रुकी हुई थीं।
प्रदीप ने बताया कि इस घटना के बाद से शादी तय कराने वाला बिचौलिया भी फोन नहीं उठा रहा है।
प्रदीप ने कहा कि शादी तय होने के बाद लड़की के पिता ने ख़ुद को बहुत ज़्यादा गरीब बताकर बिचौलिए के माध्यम से 20,000 रुपये लिए थे।
तलाश
पुलिस कर रही है आरोपी दुल्हन की तलाश
इस पूरे मामले में CO सिविल लाइंस राजेश कुमार ने बताया कि झाँझनपुर में परिवार को बेहोश पाया गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि दुल्हन ने खाने में नशील पदार्थ मिलाकर बेहोश किया और लूटपाट करके भाग गई।
परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी दुल्हन पूजा के ख़िलाफ़ लूटपाट और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करने के आदेश दे दिए गए हैं।
फ़िलहाल पुलिस आरोपी दुल्हन की तलाश में जुटी हुई है।