LOADING...
NEET की दोबारा परीक्षा कल: 2 लाख कर्मी, CCTV कैमरे तैनात; क्या-क्या हैं इंतजाम?
NEET-UG की दोबारा परीक्षा को लेकर सख्त इंतजाम किए गए हैं (फाइल तस्वीर)

NEET की दोबारा परीक्षा कल: 2 लाख कर्मी, CCTV कैमरे तैनात; क्या-क्या हैं इंतजाम?

लेखन आबिद खान
Jun 20, 2026
05:40 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (NEET) की दोबारा परीक्षा कल यानी 21 जून को आयोजित की जाएगी। पहली बार में पेपर लीक होने के बाद अब सुरक्षा के भारी इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने उम्मीदवारों और आम जनता के लिए एक पोर्टल लॉन्च किया है, जहां वे परीक्षा से संबंधित संदिग्ध गतिविधियों, फर्जी पेपर लीक के दावों और अन्य घटनाक्रमों को रिपोर्ट कर सकते हैं। आइए दोबारा परीक्षा की तैयारियों के बारे में जानते हैं।

मॉक ड्रिल

देशभर में की गई मॉक ड्रिल

NTA ने परीक्षा से पहले आज देशभर में मॉक ड्रिल की। परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस, प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई। NTA ने कहा कि 674 सिटी कोऑर्डिनेटर शहर के स्तर पर देखरेख के लिए तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 6,669 पर्यवेक्षक परीक्षा केंद्रों पर स्वतंत्र रूप से निगरानी के लिए तैनात किए गए हैं। हर परीक्षा केंद्र पर सेंटर सुपरिटेंडेंट और इनविजिलेटर नियुक्त किए गए हैं।

छात्र

22 लाख छात्र देंगे परीक्षा, वायुसेना ने पहुंचाए प्रश्न पत्र

21 जून को होने वाली परीक्षा में 22.79 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए भारत के 551 और विदेश के 14 शहरों में 5,000 से ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। NTA के मुताबिक, परीक्षा के लिए 2 लाख से अधिक कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पहली बार प्रश्न-पत्रों को पहुंचाने के लिए भारतीय वायु सेना की मदद ली गई है। वायुसेना के विमानों से प्रश्न पत्रों को केंद्रों तक पहुंचाया गया है।

Advertisement

परीक्षा

छात्रों को अतिरिक्त 15 मिनट का समय मिलेगा

NTA के अनुसार, एग्जाम दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन-एंड-पेपर मोड में होगी। परीक्षा की अवधि 15 मिनट बढ़ाई गई है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उम्मीदवार प्रक्रियाओं के कारण संभावित देरी की भरपाई कर सके। PwD और PwBD श्रेणी के अभ्यर्थियों को शाम 6:20 बजे तक पेपर देने की अनुमति होगी। प्रश्न पुस्तिका में अब 2 पन्नों के बजाय 4 पन्ने रफ वर्क के लिए दिए गए हैं।

Advertisement

राज्य

कई राज्यों ने किया मुफ्त बस सेवा का ऐलान

पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार, ओडिशा, उत्तराखंड और आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों ने NEET उम्मीदवारों के लिए मुफ्त बस यात्रा की घोषणा की है। छात्र परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने के दौरान अपना एडमिट कार्ड दिखाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने NEET-UG 2026 के उम्मीदवारों के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में यात्रा करने के लिए किराए में 50 प्रतिशत की छूट की घोषणा की है।

पिछली परीक्षा

पेपर लीक के बाद रद्द कर दी गई थी परीक्षा

इससे पहले 3 मई को NEET-UG परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके बाद कई राज्यों से पेपर लीक होने के मामले सामने आए थे। जांच में गड़बड़ियां मिलने पर NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी और 21 जून को दोबारा परीक्षा कराने का ऐलान किया। वहीं, पेपर लीक की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है, जिसने महाराष्ट्र-राजस्थान से कुछ प्रोफेसर समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया है।

Advertisement