LOADING...
NEET: 2025 में भी लीक हुआ पेपर? बिवाल परिवार के 4 बच्चे हुए थे पास
NEET पेपर लीक में राजस्थान के बिवाल परिवार को लेकर नए खुलासे हुए हैं

NEET: 2025 में भी लीक हुआ पेपर? बिवाल परिवार के 4 बच्चे हुए थे पास

लेखन आबिद खान
May 15, 2026
02:16 pm

क्या है खबर?

NEET पेपर लीक की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे राजस्थान का बिवाल परिवार मुख्य सरगना के तौर पर सामने आ रहा है। राजस्थान के जमवा रामगढ़ के बिवाल परिवार के 4 बच्चों ने पिछले साल NEET की परीक्षा पास की थी। तब इसे बड़ी सफलता के तौर पर पेश किया गया था। लेकिन अब जानकारी सामने आ रही है कि इस परिवार को पिछले साल भी NEET का पेपर मिल गया था।

रिपोर्ट

बिवाल परिवार के बच्चों को मिले सरकारी कॉलेज

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पेपर लीक मामले में जमवारामगढ़ के मांगीलाल बिवाल, उसके भाई दिनेश बिवाल और बेटे विकास बिवाल को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि इस परिवार के 4 बच्चों ने 2025 में NEET परीक्षा पास की थी। इनमें विकास समेत मांगीलाल के 2 बच्चे और उनके दिवंगत भाई घनश्याम की 2 बेटियां शामिल हैं। इन सभी ने परीक्षा पास की और सरकारी मेडिकल कॉलेज में MBBS की सीटों पर प्रवेश पाया।

इस साल का पेपर

दिनेश के बेटे ने इस साल दी थी NEET की परीक्षा

जांचकर्ताओं का मानना है कि दिनेश इस साल परीक्षा का पेपर हासिल करने के लिए कोशिश कर रहा था, क्योंकि उसका बेटा इस साल NEET UG की परीक्षा दे रहा था। दिनेश की पत्नी रजनी ने पुष्टि की है कि परिवार के 4 सदस्यों ने पिछले साल परीक्षा उत्तीर्ण की थी। अधिकारी पता लगा रहे हैं कि क्या परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र हस्तलिखित प्रतियों, स्कैन किए गए PDF और कूरियर के माध्यम से पेपर लीक किया गया था।

Advertisement

गिरफ्तारी

CBI ने बिवाल परिवार के 3 सदस्य गिरफ्तार किए

CBI ने इस मामले में जिन 7 लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें से 3 बिवाल परिवार के हैं। जांच के मुताबिक, पेपर को खरीदने के लिए 65 लाख रुपये का भुगतान किया गया था। गिरफ्तार किया गया एक आरोपी शुभम खैरनार आयुर्वेद चिकित्सा एवं शल्य चिकित्सा स्नातक (BAMS) का छात्र हैं। आरोप है कि उसने पेपर गुरुग्राम के यश यादव को सौंपा, जहां से यादव ने इसे मांगीलाल को भेजा।

Advertisement

दोबारा परीक्षा

21 जून को दोबारा होगी परीक्षा

राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने कहा है कि NEET की परीक्षा अब 21 जून को होगी। छात्रों को 14 जून तक प्रवेश पत्र जारी कर दिए जाएंगे। छात्रों को दोबारा फीस भुगतान भी नहीं करना होगा। वहीं, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पेपर लीक की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि छात्रों का हित सरकार के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अगले साल से NEET परीक्षा ऑनलाइन आयोजित की जाएगी।

Advertisement