LoC पर घुसपैठ की संदिग्ध कोशिश नाकाम, अब भारतीय सेना की गहन तलाश जारी
देश
शुक्रवार देर रात भारतीय सेना ने राजौरी में LoC के पास कुछ संदिग्ध हलचल देखी, जिसके बाद सेना ने गोलीबारी की। रात करीब 10 बजे शुरू हुई यह कार्रवाई लगभग 90 मिनट तक जारी रही। सैनिकों को अंदेशा था कि कुछ घुसपैठिए सीमा पार कर भारत में घुसने की कोशिश कर रहे थे।
LoC पर निगरानी बढ़ने के साथ तलाश अभियान शुरू
सीमा पार से भी कुछ देर जवाबी गोलीबारी हुई, लेकिन गनीमत रही कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। शनिवार सुबह तक सुरक्षा टीमों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया था। उनका मकसद यह जांचना था कि कहीं कोई घुसपैठिया भारतीय सीमा में घुसने में कामयाब तो नहीं रहा। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के बाद LoC पर निगरानी और कड़ी कर दी गई है, ताकि हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके।