NCB ने की देशव्यापी नशा विरोधी अभियान शुरू करने की तैयारी, जानिए क्या होगा
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) सितंबर 2026 से एक बड़ा नशा विरोधी अभियान शुरू करने जा रहा है। इसमें उनके साथ राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों की एंटी-नारकोटिक्स कार्य बल भी होंगे। यह अभियान पूरे एक साल चलेगा और इसका मकसद नशीली दवाओं की तस्करी को पूरी तरह रोकना है। इसी कड़ी में देश भर के ड्रग नेटवर्क पर नकेल कसने के लिए 24 बड़े ऑपरेशन की तैयारी की गई है।
इन पर केंद्रित रहेगा NCB का ध्यान
इस अभियान के कुछ बड़े लक्ष्य रखे गए हैं। इनमें सबसे पहले ड्रग्स के मामलों में शामिल विदेशी नागरिकों को पकड़कर उनके देश भेजना, फरार ड्रग तस्करों को ढूंढ निकालना और देश में फैले ड्रग गिरोहों को जड़ से खत्म करना शामिल है। यह सब 'नशा मुक्त भारत' के सपने को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। अभियान के दौरान हर महीने अलग-अलग चीजों पर खास ध्यान दिया जाएगा। जैसे अक्टूबर में मेडिकल स्टोर्स की जांच होगी, ताकि दवाओं का गलत इस्तेमाल न हो। जनवरी में अवैध रूप से उगाई गई नशीली फसलों को नष्ट किया जाएगा।