आर्यन खान मामले की जांच में शामिल रहा NCB अधिकारी एक अन्य मामले में बर्खास्त
क्या है खबर?
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) में अधीक्षक रहे विश्व विजय सिंह को कदाचार के मामले में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। सिंह शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के ड्रग मामले की जांच टीम में शामिल रहे थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिंह को मौजूदा मामले में पिछले साल निलंबित किया गया था। उनके खिलाफ जांच चल रही थी। NCB को जांच के दौरान कदाचार के कुछ सबूत मिले, जिसके बाद सिंह को सेवा से हटाने का निर्णय लिया गया।
कार्रवाई
क्रूज पर छापा मारने वाली टीम में शामिल थे सिंह
अक्टूबर, 2021 में सिंह उस टीम का हिस्सा थे, जिसने NCB के तत्कालीन मुंबई प्रमुख समीर वानखेड़े के नेतृत्व में कॉर्डेलिया क्रूज पर छापा मारा था और आर्यन खान समेत अन्य को गिरफ्तार किया था।
शुरुआत में मामले में नशीली दवाओं की खपत और तस्करी के आरोप लगाए गए थे। बाद में आर्यन को सबूतों के अभाव में क्लीन चिट दे दी गई।
मामले में वानखेड़े और NCB टीम के खिलाफ सतर्कता जांच शुरू की गई थी।