नवी मुंबई: बैरिकेड से टकराई कार, अंदर से मिली 70 लाख की अफीम
नवी मुंबई की पाम बीच रोड पर सुबह-सुबह एक चौंकाने वाला हादसा हुआ। यहां MG हेक्टर गाड़ी चला रहा ड्राइवर उस पर से कंट्रोल खो बैठा। गाड़ी ने पहले एक स्कूटर और सड़क पर लगे बैरिकेड्स को टक्कर मारी। इसके बाद ड्राइवर गाड़ी को वहीं छोड़कर फरार हो गया, जबकि गाड़ी के अंदर भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामान भरा था। इस हादसे में करीब 3 लाख रुपये का नुकसान हुआ, लेकिन असली चौंकाने वाली बात तो तब सामने आई जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली।
पुलिस को करीब 70 किलो संदिग्ध अफीम मिली
SUV की छानबीन करने पर पुलिस को लगभग 70 किलो संदिग्ध अफीम मिली। इनकी कीमत ब्लैक मार्केट में करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही एक देशी पिस्टल और कुछ जिंदा कारतूस भी बरामद हुए। गाड़ी के अंदर से ड्राइवर का लाइसेंस मिला, जिससे उसकी पहचान राजस्थान के जोधपुर जिले के गणपत बीरबल राम के तौर पर हुई। पुलिस ने गणपत के खिलाफ नशीले पदार्थों और हथियार से जुड़े कानूनों के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।