UAE ओडिशा में लगाएगा अरबों डॉलर का प्रोजेक्ट, मोदी के साथ बैठक के बाद ऐलान
नई दिल्ली में जारी BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की मुलाकात हुई।
इस बैठक का मुख्य मकसद भारत और UAE के बीच रिश्तों को और गहरा करना था। उनकी बातचीत में रक्षा, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा और टेक्नोलॉजी जैसे अहम क्षेत्रों में मिलकर काम करने पर खास जोर दिया गया। इससे दोनों देशों के बीच भविष्य में और ज्यादा सहयोग बढ़ने की उम्मीद है।
IHC ने ओडिशा में 11.5 अरब डॉलर के एल्युमीनियम प्रोजेक्ट का ऐलान किया
UAE की इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (IHC) ने ओडिशा में एक बड़े एल्युमीनियम प्रोजेक्ट में 11.5 अरब डॉलर का भारी निवेश करने की घोषणा की है। यह प्रोजेक्ट भारत में अपनी तरह का अब तक का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट माना जा रहा है। इसके अलावा, कंपनी यूएई के एल-इमाद फंड के जरिए और ज्यादा आर्थिक साझेदारी बढ़ाने के तरीकों पर भी विचार कर रही है।
जनवरी 2024 में UAE बना BRICS का पूर्ण सदस्य
जनवरी 2024 में UAE, BRICS का पूर्ण सदस्य बन गया था। उसे उम्मीद है कि इससे दुनिया भर में व्यापार और निवेश के नए दरवाजे खुलेंगे। CEPA (कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट) जैसे कई समझौतों (जिनमें भारत के साथ भी एक समझौता शामिल है) के जरिए UAE उभरते बाज़ारों के साथ अपने संबंधों को मजबूत करना चाहता है। साथ ही, BRICS के लक्ष्यों को भी आगे बढ़ाने में मदद करना चाहता है।