Page Loader
नरेंद्र मोदी का जिल बाइडन को दिया हीरा 2023 में व्हाइट हाउस का सबसे महंगा उपहार
नरेंद्र मोदी ने जिल बाइडन को दिया था सबसे महंगा उपहार (फाइल तस्वीर: एक्स/@NewsIADN)

नरेंद्र मोदी का जिल बाइडन को दिया हीरा 2023 में व्हाइट हाउस का सबसे महंगा उपहार

लेखन गजेंद्र
Jan 03, 2025
01:46 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के व्हाइट हाउस में 2023 का सबसे महंगा उपहार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वो हीरा है, जो उन्होंने राष्ट्रपति जो बाइडन की पत्नी और प्रथम महिला जिल बाइडन को दिया था। यह खुलासा अमेरिकी विदेश विभाग ने किया है। विभाग ने 2023 में बाइडन को अंतरराष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तियों से मिले सभी उपहारों के वार्षिक लेखा-जोखा प्रकाशित किया है। प्रधानमंत्री मोदी से जिल को मिला हीरा 2023 में किसी भी अंतरराष्ट्रीय नेता से मिला सबसे महंगा उपहार था।

कीमत

हीरे को अपने साथ ले जाएंगी जिल?

विदेश विभाग के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने 7.5 कैरेट का हीरा अपने अमेरिका दौरे के दौरान प्रथम महिला को दिया था। इसकी कीमत 20,000 डॉलर यानी लगभग 17.15 लाख रुपये है। विभाग के मुताबिक, मोदी द्वारा भेंट किया गया 20,000 डॉलर का हीरा व्हाइट हाउस के पूर्वी विंग में आधिकारिक उपयोग के लिए रखा गया है। इसके अलावा बाइडन परिवार को दिए गए अन्य उपहार अभिलेखागार में भेज दिए गए हैं। उपहारों को आधिकारिक प्रदर्शनी के लिए भी रखते हैं।

उपहार

दूसरे और तीसरे नंबर पर क्या है सबसे महंगा उपहार?

विदेश विभाग के मुताबिक, दूसरे नंबर पर सबसे महंगा उपहार अमेरिका में यूक्रेनी राजदूत से मिला 14,063 डॉलर का ब्रोच था। तीसरे स्थान पर मिस्र के राष्ट्रपति और प्रथम महिला से मिला 4,510 डॉलर का एक ब्रेसलेट, ब्रोच और फोटो एलबम है। दक्षिण कोरिया में महाभियोग लगाए गए राष्ट्रपति यून सुक योल ने 7,100 डॉलर का स्मारक एलबम, इजरायल के राष्ट्रपति ने 3,160 डॉलर की स्टर्लिंग चांदी ट्रे और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने 2,400 डॉलर का कोलाज दिया है।