समुद्र ने उगला 2500 टन कचरा, मुंबई के तटों पर लगा गंदगी का अंबार
भारी बारिश और ऊंची लहरों के बाद मुंबई के समुद्र तटों पर 2,500 मीट्रिक टन से भी ज्यादा कचरा इकट्ठा हो गया है। इस कचरे में प्लास्टिक, थर्मोकोल और पुराने कपड़े भी शामिल हैं। सबसे ज्यादा गंदगी जुहू बीच पर जमा हुई, जहां करीब 1,824 मीट्रिक टन कचरा मिला। इसी वजह से जुहू बीच सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। वरसोवा और दादर-माहिम चौपाटी पर भी कचरे के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि शहर की नालियों में डाला गया कचरा समंदर तक पहुच जाता है। फिर जब लहरें उठती हैं, तो यही कचरा वापस किनारों पर आ जाता है।
प्रदूषण से निपटने के लिए BMC ने 21 ट्रैश बूम लगाए
इस प्रदूषण से लड़ने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने अब तक 21 ट्रैश बूम लगाए हैं। इनका लक्ष्य अगले 5 सालों में सभी 82 नालों के मुहानों पर इन्हें लगाना है। विशेषज्ञों का मानना है कि समुद्र तटों को साफ रखने के लिए सबसे जरूरी है कचरे को नालियों तक पहुचने से रोकना। जुहू बीच के पानी में प्रदूषण का स्तर सुरक्षा सीमा से 5 गुना ज्यादा है। यह दिखाता है कि मुंबई के समुद्री किनारों के लिए बेहतर कचरा प्रबंधन कितना अहम है।