मुंबई में 24 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने एक बड़े साइबर घोटाले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर आरोप है कि वे करीब 24 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी से जुड़े फर्जी बैंक खाते और सिम कार्ड चला रहे थे।
इन तीनों (इस्लामुद्दीन सलीमुद्दीन शेख, यासिर नासिरुद्दीन शेख और अब्दुल रज्जाक अब्दुल रऊफ) को 11 सितंबर को पकड़ा गया है। पुलिस को शक है कि ये लोग एक बहुत बड़े जालसाजी नेटवर्क का हिस्सा हैं।
350 करोड़ रुपये से जुड़े संदिग्धों की पुलिस जांच
जांच में सामने आया है कि इस गिरोह का संबंध कुल 350 करोड़ रुपये के साइबर अपराधों से हो सकता है। पुलिस ने आरोपियों से जुड़े 10 बैंक खातों से करीब 24 करोड़ रुपये के लेनदेन का पता लगाया है।
इस दौरान उनके पास से 167 सिम कार्ड के साथ-साथ ढेर सारी पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
अब तक इन खातों से जुड़ी 32 शिकायतें सामने आ चुकी हैं, जिसके बाद पुलिस इस पूरे मामले की तह तक जाकर इसमें शामिल बाकी लोगों का भी पता लगाने में जुटी है।