मुंबई: इमारत की 11वीं मंजिल पर आग लगने से मासूम समेत 2 की जान गई, 8 घायल
मुंबई के विले पार्ले (वेस्ट) इलाके में देर रात एक रिहायशी इमारत की 11वीं मंजिल पर आग लग गई। इस हादसे में 2 लोगों की जान चली गई और 8 घायल हो गए। आग तेजी से 2 फ्लैटों में फैल गई, जिससे बिजली की वायरिंग और घर का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। दमकल विभाग को करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफलता मिली।
बच्चा अबीर और 23 साल की अंकिता की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों में ढाई साल का मासूम बच्चा अबीर और 23 साल की युवती अंकिता शामिल हैं। 4 घायलों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। वहीं, एक व्यक्ति को मामूली चोटें आने पर प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि एक अन्य घायल को भी इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
भारी धुएं और अफरा-तफरी के बावजूद, दमकलकर्मियों ने छत पर फंसे 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग लगने की वजह का पता अभी तक नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।