Page Loader
कुणाल कामरा के "गद्दार" वाले बयान पर FIR, तोड़फोड़ के लिए 20 शिवसेना कार्यकर्ता हिरासत में
कुणाल कामरा के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की

कुणाल कामरा के "गद्दार" वाले बयान पर FIR, तोड़फोड़ के लिए 20 शिवसेना कार्यकर्ता हिरासत में

लेखन गजेंद्र
Mar 24, 2025
12:12 pm

क्या है खबर?

स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा के महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को अप्रत्यक्ष रूप से "गद्दार" कहने का मामला बढ़ गया है। मुंबई पुलिस की MIDC थाने ने सोमवार को शिवसेना विधायक मुरजी पटेल की शिकायत पर कामरा के खिलाफ जीरो FIR दर्ज की है। कामरा पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें 353(1)(बी), 353(2) (सार्वजनिक शरारत के लिए बयान) और 356(2) (मानहानि) शामिल है। जीरो FIR खार पुलिस को सौंपी जाएगी।

हिरासत

शिवसेना कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए

खार पुलिस ने शिवसेना से जुड़ी युवा सेना के महासचिव राहुल कनाल के खिलाफ मुंबई के होटल और मुंबई हैबीटेट स्टूडियों में तोड़फोड़ के आरोप में BNS और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने 20 शिवसेना कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। FIR में लिखा है, "स्टूडियो में कार्यकर्ता शिवसेना जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। वे वहां गए और शो को रुकवा दिया। उन्होंने वहां काम कर रहे कर्मचारियों को धक्का दिया।"

विवाद

क्या है मामला?

कामरा ने हाल में मुंबई में स्थित द यूनिकॉन्टिनेंटल होटल के अंदर बने मुंबई हैबिटेट स्टूडियो में 'नया भारत' नाम का कार्यक्रम किया था, जिसमें समकालीन राजनीति पर विस्तार से चर्चा की गई थी। इस दौरान कामरा ने महाराष्ट्र की राजनीति का जिक्र करते हुए भाजपा के साथ एकनाथ शिंदे के गठबंधन और शिवसेना पार्टी तोड़ने को लेकर मजाक किया। उन्होंने शिंदे का नाम लिए बगैर उन्हें "गद्दार" बताया। इसके बाद शिवसेना कार्यकर्ताओं ने होटल और स्टूडियो में तोड़फोड़ की।