LOADING...
मॉस्को से गोवा जा रहे विमान में बम की सूचना, गुजरात में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
मॉस्को से गोवा जा रहे विमान में बम की सूचना (तस्वीर: ट्विटर@amicablenews)

मॉस्को से गोवा जा रहे विमान में बम की सूचना, गुजरात में हुई इमरजेंसी लैंडिंग

Jan 10, 2023
08:28 am

क्या है खबर?

रूस की राजधानी मॉस्को से गोवा आ रहे एक चार्टर्ड विमान में बम की सूचना मिलने के बाद उसे गुजरात के जामनगर में उतारा गया है। दरअसल, गोवा एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को विमान में बम होने की सूचना मिली थी। इसके बाद इसे जामनगर स्थित भारतीय वायुसेना के एयरबेस पर लैंड कराया गया है। इस विमान में चालकदल के सदस्यों समेत कुल 244 लोग सवार थे। इन सब को सुरक्षित उतारकर विमान की जांच की जा रही है।

जानकारी

स्थानीय प्रशासन ले रहा विमान की तलाशी

जामनगर के IGP अशोक कुमार यादव ने कहा कि चालकदल के आठ सदस्यों और 236 यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है। पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वॉड के साथ मिलकर स्थानीय प्रशासन विमान की तलाशी ले रहा है। एयरबेस के अधिकारियों ने बताया कि विमान को खाली स्थान पर खड़ा किया गया है। यह विमान सोमवार रात 9:49 मिनट पर एयरबेस पर उतरा था। इसके बाद अधिकारियों ने रूसी दूतावास को इसकी जानकारी दी।

बयान

रूसी दूतावास ने क्या कहा है?

रूस के दूतावास की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि मॉस्को से गोवा जा रहे अजुर एयर फ्लाइट के विमान में बम होने की सूचना मिलने पर अधिकारियों ने दूतावास को जानकारी दी। विमान ने जामनगर में भारतीय वायुसेना के एयरबेस पर इमरजेंसी लैंडिंग की है। इसमें सवार सभी लोग सुरक्षित है। प्रशासन विमान की गहन तलाशी कर रहा है। सूत्रों का कहना है कि सब कुछ सुरक्षित पाये जाने पर विमान गोवा के लिए उड़ान भरेगा।

Advertisement

बयान

जुटाई जा रही यात्रियों की भी जानकारी- प्रशासन

जामनगर के जिलाधिकारी सौरभ पारगी ने कहा कि कई घंटों से विमान की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां यात्रियों की जानकारी भी जुटा रही हैं। सभी यात्रियों की सामान्य स्कैनिंग की जा रही है। उनका सामान भी जांचा जा रहा है और उनकी जानकारियों को पुष्ट करने की कोशिश हो रही है। विमान के उतरने के बाद से लगातार यह काम जारी है। बताया जा रहा है कि एयरबेस पर NSG कमांडो भी तैनात किए जाएंगे।

Advertisement

ऐहतियात

गोवा में भी हवाई अड्डे की सुरक्षा बढ़ाई गई

मॉस्को से उड़ान भरने के बाद इस विमान को गोवा के डेबोलिम हवाई अड्डे पर उतरना था। गोवा पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बम की सूचना मिलने के बाद ऐहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। यहां स्पेशल फोर्स तैनात की गई है। यहां गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और चिंता की कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि यह अफवाह भी हो सकती है, लेकिन इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता।

Advertisement