दिल्ली में मौसम का डबल अटैक! रात में ठंडक, दिन में तूफानी हवाएं और बारिश का अनुमान
दिल्ली में सुबह अब थोड़ी ज्यादा ठंडी लगने लगी है। न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज हो रहा है। सफदरजंग में तो यह 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो शुक्रवार के तापमान से भी नीचे था और सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम था। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि साफ आसमान होने की वजह से रात में गर्मी बाहर निकल गई, जिससे तापमान में यह गिरावट आई है।
दिल्ली में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को दिल्ली में 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। यही नहीं, सोमवार और मंगलवार को भी तेज हवाओं का यह सिलसिला जारी रहेगा।
दोपहर या शाम तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की भी संभावना है, इसलिए घर से बाहर निकलते समय छाता साथ रखना न भूलें। दिन के तापमान की बात करें तो यह अभी भी 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच ही बना रहेगा। वहीं, हवा की गुणवत्ता फिलहाल 'मध्यम' श्रेणी में है, लेकिन वीकेंड के बाद यह 'खराब' श्रेणी में पहुंच सकती है।