जम्मू-कश्मीर के रियासी में टायर फटने से पलटी मिनीबस, 2 की मौत और 5 घायल
देश
जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में एक बड़ा हादसा हो गया। बट्टलगला में बक्कल सुरंग के पास एक मिनीबस पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 2 लोगों की जान चली गई और 5 अन्य घायल हो गए। यह हादसा सुबह लगभग 8:40 बजे हुआ।
मिनीबस सारांघधर से रियासी जा रही थी, तभी रास्ते में अचानक गाड़ी का टायर फट गया। टायर फटने से ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और मिनीबस सड़क से उतरकर पलट गई।
गंभीर रूप से घायलों को JMC अस्पताल रेफर किया गया
हादसे के बाद, 48 साल के एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। कुल 6 घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान करीब 35 साल के एक और शख्स ने दम तोड़ दिया।
2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल में भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि यह भीषण दुर्घटना टायर फटने की वजह से ही हुई।