सोनम वांगचुक जेल से बाहर आए, सरकार ने NSA हटाया
क्या है खबर?
पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक जेल से रिहा हो गए हैं। ेकेंद्र सरकार ने उन पर लगा राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। गृह मंत्रालय ने कहा कि सरकार लद्दाख में शांति, स्थिरता और आपसी विश्वास का वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि सभी के साथ रचनात्मक और सार्थक बातचीत की जा सके। वांगचुक को 26 सितंबर, 2025 को NSA के सख्त प्रावधानों के तहत हिरासत में लिया गया था।
बयान
सरकार बोली- लद्दाख में शांति-स्थिरता का माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध
सरकार ने कहा, 'सरकार लद्दाख में शांति, स्थिरता और आपसी विश्वास का माहौल बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है, ताकि सभी संबंधित पक्षों के साथ रचनात्मक और सार्थक बातचीत को बढ़ावा दिया जा सके। इस उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए और उचित विचार-विमर्श के बाद, सरकार/गृह मंत्रालय ने सोनम वांगचुक की हिरासत को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का निर्णय लिया है। सरकार लद्दाख के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराती है।'
हिंसा
लद्दाख हिंसा के बाद हिरासत में लिए गए थे वांगचुक
सितंबर, 2025 में लेह में लद्दाख को राज्य का दर्जा देने और केंद्र शासित प्रदेश के लिए छठी अनुसूची का दर्जा देने की मांगों को लेकर हिंसक विरोध-प्रदर्शन हुआ था। इस हिंसा में 4 लोगों की मौत हो गई थी और दर्जनों घायल हुए थे। हिंसा भड़काने के आरोप में 26 सितंबर, 2025 को NSA के तहत वांगचुक को हिरासत में लिया था। तब से वे जोधपुर जेल में हैं। अब करीब 170 दिन बाद वे रिहा होंगे।
आरोप
सरकार ने कहा था- वांगचुक राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा
वांगचुक की गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए उनकी पत्नी गीतांजलि ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। तब सरकार ने कोर्ट में कहा था कि वांगचुक के बयान राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं। सरकार ने कहा था, "वांगचुक को जनमत संग्रह और जनमत सर्वेक्षण की मांग करके जहर फैलाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। वांगचुक युवाओं को आत्मदाह के लिए उकसा रहे थे। वे लद्दाख को नेपाल और बांग्लादेश बनाना चाहते हैं।
परिचय
कौन हैं सोनम वांगचुक?
1966 में जन्मे वांगचुक एक इंजीनियर और पर्यावरण कार्यकर्ता हैं। वे स्टूडेंट एजुकेशनल एंड कल्चरल मूवमेंट ऑफ लद्दाख (SECMOL) के संस्थापक-निदेशक हैं, जो लद्दाख में शिक्षा प्रणाली में सुधार पर केंद्रित है। वांगचुक ने भारतीय सेना के लिए बेहद ठंडे स्थानों पर उपयोग वाले सौर टेंट बनाए हैं। उन्हें 2018 में रेमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। फिल्म '3 इडियट्स' में आमिर खान ने जिस रैंचो का किरदार निभाया था, वो वांगचुक पर ही आधारित था।