
मेघालय हनीमून मामला: पत्नी पर ही लगा पति की हत्या का आरोप, पुलिस का खुलासा
क्या है खबर?
मेघालय में हनीमून पर गए मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के नवविवाहित जोड़े में पति की हत्या और पत्नी के गायब होने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।
मेघालय पुलिस ने इस मामले में लापता पत्नी सहित 4 लोगों को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार कर खुलासा किया है कि हनीमून पर पत्नी ने ही किराए के हत्यारों की मदद से अपने पति की हत्या करवाई थी।
पुलिस अब महिला से पूछताछ करने में जुटी है।
प्रकरण
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने बताया कि इंदौर निवासी व्यवसायी राजा रघुवंशी (29) और सोनम (25) की 11 मई को शादी हुई थी।
20 मई को दोनों हनीमून के लिए मेघालय निकले थे और 23 मई को चेरापूंजी के पास नोंग्रीट गांव में डबल डेकर लिविंग रूट ब्रिज देखने गए थे।
23 मई की दोपहर को सोनम ने अपनी सास से आखिरी बार फोन पर बात कर जंगल में होने की जानकारी दी थी। उसके बाद दोनों का फोन बंद हो गया।
घटना
गहरी खाई में मिला राजा का शव
पुलिस ने बताया कि फोन बंद होने के बाद सोनम का भाई उन्हें ढूंढने के लिए शिलॉन्ग आ गए और गुमशुदगी दर्ज करा दी।
तलाशी अभियान में पुलिस को 24 मई को राजा और सोनम द्वारा किराए पर ली गई स्कूटी लावारिश हालत में मिल गई।
इसके 8 दिन बाद 2 जून को वेई सॉडॉन्ग वॉटरफॉल के पास एक गहरी खाई में राजा का सड़ा-गला शव मिल गया। उसके दाहिने हाथ पर 'राजा' लिखे टैटू से उसकी पहचान हुई थी।
रहस्य
राजा की हत्या बनी थी रहस्य
पुलिस ने बताया कि राजा के शव के पास ही एक सफेद टी-शर्ट भी मिली थी। पोस्टमार्टम से पता चला कि राजा की हत्या धारदार हथियार से की गई थी।
पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर जंगल में सोनम की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इधर, राजा का इंदौर में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उसके बाद घर पर पोस्टर लगे मिले, 'मैं मरा नहीं, मारा गया!'
इस पर परिवार ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच की मांग की।
खुलासा
पुलिस ने सोनम की गिरफ्तारी के साथ किया मामले का खुलासा
मेघालय पुलिस ने रविवार रात को सोनम की गिरफ्तारी का ऐलान करते हुए मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस महानिदेशक (DGP) इदाशिशा नोंग्रांग ने बताया कि सोनम के साथ 3 और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सोनम खुद अपने पति की हत्या की योजना बनाने में शामिल थी और उसने वारदात को अंजाम देने के लिए मध्य प्रदेश से पैसा देकर आरोपियों को मेघालय बुलाया था। मामले में अभी एक संदिग्ध फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
सफलता
पुलिस को कैसे मिली सफलता?
DGP नोंग्रांग ने बताया कि सोनम ने गाजीपुर से अपने भाई गोविंद को फोन करके कुछ अहम जानकारी दी थी।
उसके बाद उसके परिवार ने इंदौर पुलिस को सूचित किया, जिसने उत्तर प्रदेश की स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर उसका पता लगाते हुए गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने हत्या के लिए काम लिया गया हथियार (माचेट) भी बरामद कर लिया है। इस हत्या को वारदात के लिए ही खरीदा था।
कारण
सोनम ने क्यों कराई पति की हत्या?
पुलिस के अनुसार, सोनम के अन्य व्यक्ति के साथ संबंध थे और उसने कथित तौर पर अपने पति की हत्या की साजिश रची थी।
एक स्थानीय पर्यटक गाइड ने भी पुलिस को बताया था कि हनीमून के दौरान इस दंपत्ति के आस-पास तीन अज्ञात लोगों के साथ देखा था।
इधर, मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने एक्स पर लिखा, 'राजा हत्या मामले में 7 दिन में मेघालय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मेघालय पुलिस ने अच्छा काम किया है।'
जानकारी
पुलिस ने किया सोनम में प्रेमी का खुलासा
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सोनम, विक्की ठाकुर, आनंद और राज कुशवाह शामिल हैं। राज ही सोनम का प्रेमी है और इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड था। वह लगातार सोनम के संपर्क में था। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) में इसका खुलासा हुआ है।
आरोप
सोनम के पिता ने पुलिस पर लगाया झूठ बोलने का आरोप
इधर, सोनम में पिता देवी सिंह ने कहा, "मेरी बेटी निर्दोष है। मुझे अपनी बेटी पर भरोसा है। वह ऐसा (अपने पति को मारना) नहीं कर सकती। मेघालय पुलिस शुरू से ही झूठ बोल रही है। मेरी बेटी कल रात गाजीपुर में एक ढाबे पर आई थी और उसने अपने भाई को फोन किया था। पुलिस ढाबे पर गई और उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया। मैं अपनी बेटी से बात नहीं कर पाया हूं। मेरी बेटी ऐसा क्यों करेगी?"