दिल्ली में अब सड़क यात्राएं काफी आसान होने वाली हैं। दिल्ली नगर निगम (MCD) शहर के सभी प्रवेश बिंदुओ पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) सिस्टम लाने जा रहा है। इसका मकसद पुराने टोल बूथों को हटाना है, जिससे ट्रैफिक जाम कम हो, समय और ईंधन बचे और पर्यावरण को भी फायदा मिले। गाजीपुर टोल प्लाजा पर यह सिस्टम पहले ही लग चुका है। अब इस टेक्नोलॉजी को पूरे शहर में लागू करने की तैयारी है।
मल्टी-लेन फ्री फ्लो सिस्टम में होगा फास्टैग RFID टोलिंग का इस्तेमाल
मल्टी-लेन फ्री फ्लो सिस्टम में गाड़ियों को रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसमें फास्टैग के साथ RFID टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल होगा, जिससे गाड़ियां गुजरते ही टोल अपने आप कट जाएगा। MCD के टोल शिफ्ट इंचार्ज अमिताभ बच्चन ने बताया कि इससे पीक आवर में ट्रैफिक का दबाव कम हुआ है और बेवजह खड़ी गाड़ियों से होने वाला प्रदूषण भी घटा है। इस कदम से दिल्ली को उम्मीद है कि लोगों का हर दिन का सफर तेज और प्रदूषण मुक्त बनेगा।