महाराष्ट्र: मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बोले- मराठा आरक्षण के पक्ष में, जरूरी कदम उठाएंगे
क्या है खबर?
आरक्षण को लेकर मराठा समुदाय के आंदोलन के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को सर्वदलीय बैठक की।
बैठक के बाद उन्होंने कहा कि सभी पार्टियां मराठाओं को आरक्षण देने के पक्ष में है और इसके लिए जरूर कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में शिवसेना (UBT) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे को आमंत्रित नहीं किया गया था, जिनकी शिवसेना पार्टी को तोड़कर शिंदे मुख्यमंत्री बने हैं।
बता दें कि राज्य में मराठा आंदोलन के दौरान हिंसा देखने को मिली है।
बयान
शिंदे ने क्या कहा?
मराठा आरक्षण पर सर्वदलीय बैठक के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा, "सर्वदलीय बैठक में सभी इस बात पर सहमत हुए कि मराठा समुदाय को आरक्षण मिलना चाहिए। यह निर्णय लिया गया कि आरक्षण कानून के दायरे में होना चाहिए और अन्य समुदायों के साथ अन्याय किए बिना होना चाहिए।"
इस दौरान उन्होंने मराठा आरक्षण को रद्द करने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले का निरीक्षण करके बीच का रास्ता निकालने के लिए समिति के गठन की जानकारी भी दी।
अपील
शिंदे ने जारांगे पाटिल से सरकार पर भरोसा करने का अनुरोध किया
इसके अलावा शिंदे ने कहा, "मैं मनोज जारांगे पाटिल से अनुरोध करता हूं कि वे सरकार के प्रयासों पर भरोसा रखें। यह विरोध एक नई दिशा लेने लगा है। मैं सभी से शांति बनाए रखने और राज्य सरकार के साथ सहयोग करने का अनुरोध करता हूं।"
उन्होंने कहा, "सभी दलों ने दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं पर नाराजगी जताई है। पिछड़ा वर्ग आयोग युद्धस्तर पर काम कर रहा है। मराठा समाज को न्याय देने के लिए जल्द ही फैसले लिए जाएंगे।"
बैठक
संजय राउत ने शिवसेना (UBT) को बुलाने पर साधा निशाना
सर्वदलीय बैठक में शिवसेना (UBT) को आमंत्रित नहीं किये जाने पर शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा, 'शिवसेना के पास 16 विधायक और 6 सांसद हैं। मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है। जिनका एक विधायक है, उन्हें आमंत्रित किया गया है। जिनका एक भी विधायक नहीं है, उन्हें भी आमंत्रित किया गया है, लेकिन शिवसेना (UBT) को नहीं।'
आत्महत्या
जरांगे ने किया जल त्यागने का ऐलान, 3 आंदोलनकारियों ने खाया जहर
मराठा आंदोलन के चेहरे मनोज जारांगे ने कहा कि अगर महाराष्ट्र सरकार ने मराठा समुदाय को आरक्षण देने की उनकी मांग पूरी नहीं की तो वह आज शाम से जल त्याग देंगे।
इस बीच सोलापुर जिले में 4 आंदोलनकारियों के बुधवार सुबह जहर खाने की खबर है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सबसे पहले 26 वर्षीय रंजीत मंजरे ने जहर खाया, फिर दीपक पाटिल, योगेश मंजरे और प्रशांत मंजरे ने भी जहर खा लिया। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रदर्शन
मंत्री की SUV में तोड़फोड़, कई प्रदर्शनकारी हिरासत में
महाराष्ट्र पुलिस ने बताया कि आंदोलनकारियों ने बुधवार सुबह दक्षिण मुंबई में खड़ी महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री हसन मुश्रीफ की SUV में तोड़फोड़ की।
इस सिलसिले में मरीन ड्राइव पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया है।
एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि सोमवार को बीड में हुई हिंसा के मामले में अब तक 99 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।
जानकारी
मराठवाड़ा के 5 जिलों में 15 दिनों के लिए बस सेवा निलंबित
मराठा आरक्षण आंदोलन के बीच महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) ने परभणी, धाराशिव, लातूर, जालना और नांदेड़ सहित मराठवाड़ा के 5 जिलों में अपनी सेवाएं पूरी तरह से निलंबित कर दीं हैं। इन इलाकों से हिंसा की खबरें आई हैं।
मामला
क्या है आंदोलनकारियों की मांग?
मराठा समुदाय की मांग है कि उनको कुनबी जाति का दर्जा मिले, ताकि उन्हें अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के तहत नौकरी और शिक्षा के क्षेत्र में आरक्षण का लाभ मिल सके।
दरअसल, मराठवाड़ा क्षेत्र महाराष्ट्र का हिस्सा बनने से पहले तत्कालीन हैदराबाद रियासत का हिस्सा था। तब मराठों को कुनबी जाति का माना जाता था और ये OBC में आते थे।
हालांकि, उनके महाराष्ट्र में शामिल होने पर ये दर्जा छीन लिया गया, जिसे वे फिर से मांग रहे हैं।