IAS बनकर 100 करोड़ की ठगी करने वाला गिरफ्तार, NSA डोभाल के नाम का भी किया इस्तेमाल
बिहार पुलिस ने गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर बाजार से मनीष कुमार गुप्ता नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। यह शख्स खुद को एक वरिष्ठ IAS अधिकारी बताता था और उसने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल के लिए खुफिया तौर पर काम करने का भी दावा किया था। पुलिस ने बताया कि उसने अपनी इस फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर वित्तीय धोखाधड़ी, जबरन वसूली और धमकाने जैसे कई अपराध किए हैं। इन गतिविधियों से उसने करीब 100 करोड़ रुपये की संपत्ति जमा की थी।
छापेमारी में मिलीं महंगी SUV और 23 क्रेडिट कार्ड
मनीष के घर पर जब पुलिस ने छापा मारा तो उन्हें कई चौंकाने वाली चीजें मिलीं। वहां 2 महंगी SUV गाड़ियां मिलीं, जिन पर IAS और भारत सरकार जैसे फर्जी साइनबोर्ड लगे थे। इसके अलावा, पुलिस को 23 क्रेडिट कार्ड, 8 डेबिट कार्ड, 4 बैंकों से जुड़े दस्तावेज, 5 आईफोन, कुछ विदेशी शराब और हिरण के सींग भी बरामद हुए। हिरण के सींग मिलने से उस पर वन्यजीव अपराधों का आरोप भी लग सकता है। अब आर्थिक अपराध इकाई (EOU) उसकी वित्तीय लेन-देन की गहराई से जांच कर रही है। साथ ही, उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता चल सके कि यह धोखाधड़ी का रैकेट कितना बड़ा था और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल थे।