मणिपुर में जहरीली शराब पीने से 6 की मौत, 600 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती
क्या है खबर?
मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब का कहर सामने आया है। वहां पिछले 48 घंटों में जहरीली शराब से 15 लोगों की मौत हो गई है और 600 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं। ये सभी मौतें 18 से 20 नवंबर के बीच हुई है। चंदेल जिले के SP ने शुरुआत में 8 मौतों की पुष्टि की थी, लेकिन अब आंकड़ा बढ़कर 15 हो गया है। वहीं, घायलों में 3 की हालत गंभीर है।
मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने किया अस्पताल का दौरा
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद ने इंफाल में शिजा हॉस्पिटल्स एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट और बबीना अस्पताल का दौरा किया और मरीजों का हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों और अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इलाज करा रहे लोगों को जरूरी मदद देगी।
घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए, उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए जांच का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मौतें
जिला प्रशासन ने जारी की चेतावनी
मरने वालों की पहचान किशन ह्रांगबंग अनल, ह्रांगबंग बेरुंग अनल, ह्रांगबंग मोहरिंग अनल, आरडी अंगनाहिरिंग अनल, केआई रामतियांग अनल, एनएल मोथाहरिंग अनल टीएस एशिंग और टीएस लवली के तौर पर हुई है।
पुलिस के अनुसार, कुछ पीड़ितों की मौत उनके घर पर हुई, जबकि कुछ की मौत अस्पताल ले जाते समय या कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) में भर्ती होने के बाद हुई।
घटना के बाद जिला प्रशासन ने सार्वजनिक स्वास्थ्य चेतावनी जारी की है।