मणिपुर: मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च के दौरान तनाव, 5 जिलों में इंटरनेट बंद
क्या है खबर?
मणिपुर में कुछ दिनों की शांति के बाद फिर हिंसा भड़क उठी है। बीते दिन उखरुल जिले में 2 अलग-अलग घटनाओं में 3 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद आज 5 जिलों में 3 दिनों के लिए इंटरनेट पर पाबंदी लगाई गई है। इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में 25 अप्रैल को दोपहर 2:00 बजे से 3 दिनों के लिए इंटरनेट बंद किया गया है।
आवास
मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प
आज इंफाल में कोऑर्डिनेटिंग कमिटी ऑन मणिपुर इंटीग्रिटी ने एक विशाल रैली निकाली थी, जिसमें प्रदर्शकारी मुख्यमंत्री युमनम खेमचंद सिंह के आवास की ओर मार्च कर ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प शुरू हो गई। सुरक्षाबलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है।
हिंसा
उखरुल में हिंसा में गई थी 3 की जान
उखरुल जिले के मुल्लम गांव के पास सुरक्षाबलों ने 2 शव बरामद किए थे। दोनों के शरीर पर गोली के निशान थे। वहीं, सिनाकेइथेई गांव में 29 साल के एच जमांग नाम के युवक की हमलावरों ने घात लगाकर हत्या कर दी थी। कुकी संगठनों ने आरोप लगाया कि नगाओं ने सुबह करीब 5:30 बजे उनके गांवों पर हमला किया था। इस दौरान कुछ मारे गए और कई लोग घायल हुए थे।