दिल्ली के शाहदरा स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने को लेकर विवाद, यात्री की पीट-पीटकर हत्या
क्या है खबर?
दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां ट्रेन पकड़ने के दौरान हुए विवाद में एक यात्री की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक पीड़ित को पीटते हुए नजर आ रहे हैं और एक पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहा है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत के रहने वाले पंकज के तौर पर हुई है।
घटना
सुबह करीब 6 बजे हुई घटना
रिपोर्ट के मुताबिक, ये घटना आज सुबह करीब 6:30 बजे शाहदरा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर हुई। यहां हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस जैसे ही रुकी जनरल कोच में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और कुछ युवकों ने पंकज को बेहरमी से पीटना शुरू कर दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि पीड़ित को लोग लातों से जमीन पर गिराकर मार रहे हैं।
बयान
पुलिस ने कहा- मुकदमा दर्ज किया गया
दिल्ली पुलिस ने कहा, "मौके पर पहुंचने पर जांच अधिकारी ने पाया कि पीड़ित पंकज धामा के साथ योग एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश के दौरान साथी यात्रियों ने घूंसों और लातों से बुरी तरह मारपीट की थी। धामा को तुरंत GTB अस्पताल ले जाया गया, जहां दुर्भाग्य से उसे मृत घोषित कर दिया गया। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 105 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।"