असम: 8 साल की बच्ची की मौत के बाद पुलिस पर फूटा जनता का गुस्सा, आरोपी गिरफ्तार
असम के श्रीभूमि जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है। यहां 22 साल के बाबुल अली नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। उस पर आरोप है कि वह एक 8 साल की बच्ची को बहला-फुसलाकर पास के जंगल में ले गया, जहां बाद में उसका शव मिला। बच्ची बुधवार सुबह से लापता थी। उसके परिवार और पडोसियों ने काफी खोजबीन की, और आखिरकार घर के पास एक छोटी पहाड़ी पर उसका शव मिल गया। स्थानीय लोगों ने खुद ही इस आरोपी को पकडा और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज किया
इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी गुस्सा फूट पडा और उन्होंने जगह-जगह प्रदर्शन शुरू कर दिए। ग्रामीणों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि घटना की जानकारी देने के बावजूद उन्होंने समय पर कोई कार्रवाई नहीं की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जहां यह घटना हुई, वहां से पुलिस थाना सिर्फ 300 मीटर की दूरी पर था। इसके विरोध में लोगों ने सडकें जाम कर दीं और प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग की। पुलिस ने बताया है कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच चल रही है। साथ ही, उन्होंने आरोपी को कड़ी सजा दिलाने का वादा भी किया है।