Page Loader
पश्चिम बंगाल में ईद पर ममता बनर्जी का संदेश, कहा- डरो मत और लड़ते रहो
पश्चिम बंगाल में ईद पर ममता बनर्जी का संदेश, कहा- डरो मत और लड़ते रहो।

पश्चिम बंगाल में ईद पर ममता बनर्जी का संदेश, कहा- डरो मत और लड़ते रहो

May 03, 2022
01:31 pm

क्या है खबर?

देश में इस समय सांप्रदायिक हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। इस बीच पश्चिम बंगाल में मंगलवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ईद-उल-फितर की नमाज शामिल होने के बाद लोगों से देश के हालात ठीक नहीं होने की बात कहते हुए बिना डरे लड़ाई जारी रखने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति में बेहतर भविष्य के लिए लोगों को डरने की जगह एकजुट होने की जरूरत है। इसी एकजुटता से अच्छे दिन आएंगे।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें बनर्जी का वीडियो

आरोप

देश में चल रही है फूट डालो और राज करो की नीति- बनर्जी

कोलकाता में बारिश से भीगी रेड रोड पर आयोजित ईद-उल-फितर की नमाज में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री बनर्जी ने वहां मौजूद करीब 14,000 लोगों की भीड़ से कहा, "आज देश में हालात ठीक नहीं है। फूट डालो और राज करो की नीति और अलगाव की राजनीति चल रही है, जो बिल्कुल भी ठीक नहीं है।" उन्होंने कहा, "बेहतर भविष्य के लिए लोगों को भयभीत हुए बिना एकजुट होने की जरूरत है। ऐसे में डरों मत और लड़ते रहो।"

आह्वान

"हिंदू और मुसलमानों को अलग करने वालों की बात मत सुनो"

मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा, "अच्छे दिन आएंगे, लेकिन ये झूठे वाले अच्छे दिन नहीं होंगे। ये वास्तविकता वाले अच्छे दिन होंगे। सबको एक साथ में रहना है, एक साथ काम करना है। जो लोग गुमराह करने की बात करते हैं और हिंदू-मुसलमान को अलग करने की बात करते हैं, उनकी बात मत सुनिए।" उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा, "न तो मैं, न मेरी पार्टी और न ही मेरी सरकार ऐसा कुछ भी करेगी जिससे आप दुखी हों।"

निशाना

हम लड़ते हैं और लड़ना जानते हैं- बनर्जी

मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा, "गुमराह करने वाले लोग हमें बहुत गालियां देते हैं। बहुत बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। मुझे कामयाबी और लड़ने की शक्ति आप लोगों ने दी है। ये इंसाफ, अमन और खुदा की शक्ति है।" उन्होंने आगे कहा, "पूरी दुनिया देखती है कि बंगाल में जैसी एकजुटता पूरे हिंदुस्तान में कहीं नहीं है। इससे वो जलते हैं और मेरी बेइज्जती करते हैं। उन्हें करने दो। हम उनसे डरते नहीं हैं। हम लड़ते हैं और लड़ना जानते हैं।"

जानकारी

बनर्जी ने ट्वीट कर दी ईद की मुबारकबाद

मुख्यमंत्री बनर्जी सुबह ट्वीट कर लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने लिखा, 'सभी के लिए ढेर सारी खुशियां, शांति, संपन्नता और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हूं। हमारी एकता और सद्भाव का बंधन और मजबूत हों। अल्लाह सबको नेमत बख्शे।'

पृष्ठभूमि

बिगड़ते हालातों के बीच आई बनर्जी की टिप्पणी

मुख्यमंत्री बनर्जी की यह टिप्पणी देश में मुस्लिमों के त्योहार ईद और हिंदुओं के अक्षय तृतीया पर आई है। पिछले महीने बंगाल उन राज्यों में शामिल था, जहां रामनवमी जयंती के जुलूस के दौरान हिंसा हुई थी। सोमवार को राजस्थान के जोधपुर में भी दो गुटों में झड़प देखने को मिली। इसके बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोगों से शांति की अपील की है। इस झड़प में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए और प्रशासर ने इंटरनेट बंद कर दिया।