दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 9 दिनों में लगाया 11 करोड़ रुपये का जुर्माना
क्या है खबर?
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में वायु प्रदूषण के खिलाफ सरकार और परिवहन विभाग ने सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। राजधानी में एक नंवबर से लागू की गई शीतकालीन कार्य योजना के तहत 9 नवंबर तक नियमों का उल्लंघन करने वालों से 11 करोड़ रुपये का जुर्माना वूसला गया है। इनमें बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUCC) वाले वाहनों से 8.28 करोड़ और गैर-BS-VI वाहनों और निर्माण साइटों से डेढ़-डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया है।
उल्लंघन
दोपहिया वाहनों ने किए सबसे ज्यादा PUCC उल्लंघन
परिवहन विभाग और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 9 नवंबर तक कुल 8,288 चालान बनाए गए, जिनकी कुल राशि 8.28 करोड़ रुपये है।
इनमें सबसे बड़ी संख्या दोपहिया वाहनों की रही। अधिकांश दोपहिया वाहन मालिक बिना PUCC के साथ गाड़ी चलाते पकड़े गए।
मोटर वाहन अधिनियम की धारा 190(2) के तहत PUCC के बिना गाड़ी चलाने पर पहली बार में 1,000 रुपये और उसके बाद 10,000 रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
सख्ती
सीमाओं से वापस लौटाए गए 18,000 से अधिक वाहन
दिल्ली से बाहर के गैर-BS-VI पेट्रोल और डीजल वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
इसके तहत दिल्ली की सीमाओं से 18,304 वाहनों को वापस लौटाया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले 1,451 वाहनों का चालान काटा गया और 119 को जब्त कर लिया गया।
सबसे ज्यादा चालान निजी कारों के हुए, जिनसे कुल 66.14 लाख का जुर्माना वसूला गया। ट्रकों के 179 चालान हुए जबकि बसों के केवल 6 चालान काटे गए।
निर्माण
निर्माण स्थलों पर भी की गई सख्त कार्रवाई
दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) और दिल्ली नगर निगम (MCD) की टीमों ने राजधानी में 4,004 निर्माण स्थलों का औचक निरीक्षण किया।
इनमें से 392 जगहों पर धूल नियंत्रण के नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिसके बाद 81 निर्माण स्थलों पर तुरंत काम रुकवा दिया गया और 312 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
बता दें कि दिल्ली में 31 जनवरी तक सार्वजनिक बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को छोड़कर अन्य निर्माण कार्यों पर पूरी तरह रोक है।
जानकारी
पेट्रोल पंपों पर ANPR कैमरों से निगरानी
प्रदूषण को रोकने के लिए तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। दिल्ली के 500 पेट्रोल पंपों पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए गए हैं। ये 15 साल पुराने वाहनों का तत्काल पता लगाने में सक्षम हैं।