Page Loader
मध्य प्रदेश: नर्मदा नदी में गिरी महाराष्ट्र रोडवेज की बस, 13 की मौत
नर्मदा नदी में महाराष्ट्र रोडवेज की बस गिरने से 13 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश: नर्मदा नदी में गिरी महाराष्ट्र रोडवेज की बस, 13 की मौत

Jul 18, 2022
02:39 pm

क्या है खबर?

मध्य प्रदेश में आज एक बस के नर्मदा नदी में गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र रोडवेज की यह बस इंदौर से पुणे जा रही थी, लेकिन भारी बारिश के कारण सड़क से फिसल कर नदी में जा गिरी। बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर मृतकों के अलावा ज्यादातर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।

दुर्घटना

पुल को तोड़ नीचे नदी में गिरी बस

अधिकारियों के अनुसार, घटना आगरा-मुंबई हाईवे पर सुबह लगभग 7:30 बजे हुई। दुर्घटनाग्रस्त होने वाली महाराष्ट्र रोडवेज की बस मध्य प्रदेश के धार जिले के खलघाट में बारिश के कारण सड़क से फिसल गई और पुल को तोड़ते हुए नीचे नर्मदा नदी में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही NDRF, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और यात्रियों को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। बस को बाहर निकाल लिया गया है।

प्रतिक्रिया

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर दुख व्यक्त किया

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर घटना पर दुख व्यक्त किया और दिवंगत आत्माओं को शांति और उनके परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा, 'दुर्घटनास्थल पर जिला प्रशासन की टीम मौजूद है। बस को निकाल लिया गया है। खरगोन, धार जिला प्रशासन के साथ मैं निरंतर संपर्क में हूं। घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिये हैं।' उन्होंने मंत्री कमल पटेल को घटनास्थल पर भेजा है।

मुआवजा

महाराष्ट्र के मुख्यंमत्री ने किया मुआवजे का ऐलान

चौहान ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से भी घटना के संबंध में फोन पर बात की और उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया। शिंदे ने भी ट्वीट कर घटना पर दुख व्यक्त किया है और महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम को मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने का निर्देश दिया है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है और वो पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री ने भी व्यक्त की संवेदनाएं, मुआवजे का ऐलान किया

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बस के नदी में गिरने की इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री के हवाले से ट्वीट करते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा, 'मध्य प्रदेश के धार में हुआ बस हादसा दुखद है। मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं जिन्होंने अपनों को खोया है।' उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50,000-50,000 रुपये देने का ऐलान भी किया।